ऊना में 17 सितम्बर को बंद रहेंगे सभी शिक्षण संस्थान, CM की घोषणा के बाद अधिसूचना जारी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 04:50 PM (IST)

ऊना (सुरेंद्र): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट है। जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थान 17 सितम्बर को पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा बुधवार को की गई घोषणा पर तुरंत अमल करते हुए उच्च शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।

उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि 17 सितम्बर का यह अवकाश सभी स्तर के शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। जारी अधिसूचना के अनुसार जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल, सभी डिग्री कॉलेज और बीएड कॉलेज, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान और पॉलीटेक्निक कॉलेज में अवकाश होगा। उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि यह छुट्टी केवल विद्यार्थियों के लिए ही नहीं है, बल्कि शिक्षण संस्थानों के टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ के लिए भी 17 सितम्बर को पूर्ण अवकाश रहेगा।

बता दें कि बुधवार को ऊना में नशे के खिलाफ एक एंटी-चिट्टा वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के हजारों विद्यार्थियों, युवाओं और आम जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस वॉकथॉन में मुख्य रूप से उपस्थित थे। नशे जैसे गंभीर मुद्दे के खिलाफ युवाओं की इतनी भारी भीड़ और एकजुटता देखकर मुख्यमंत्री बेहद खुश हुए। उन्होंने युवाओं की इस सकारात्मक भागीदारी की सराहना करते हुए मंच से ही 17 सितम्बर को जिले के शिक्षण संस्थानों में एक दिन के अवकाश की घोषणा कर दी, जिसे अब प्रशासन ने अमलीजामा पहना दिया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News