सूर्यदेव ने धारण किया उग्र रूप, ऊना में गर्मी से मची हाहाकार...44.2 डिग्री पहुंचा अधिकतम तापमान

punjabkesari.in Sunday, May 19, 2024 - 05:10 PM (IST)

ऊना (मनोहर): जिला ऊना में सूर्यदेव ने उग्र रूप धारण कर लिया है। इसके चलते ऊना में हर रोज अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। रविवार को ऊना का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सैल्सियस पर पहुंच गया है। इस समय ऊना भट्ठी की तरह तप रहा है। अब असहनीय गर्मी पड़ने के कारण लोग हाहाकार कर रहे हैं लेकिन गर्मी से कोई निजात नहीं मिल रही है। झुलसती गर्मी ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। दोपहर के समय सूर्यदेव आग उगल रहे हैं जिससे घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।

जिला ऊना में पिछले वर्ष की तुलना में मई माह में अधिक गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले वर्ष मई माह में ऊना का अधिकतम तापमान 43 डिग्री का आंकड़ा भी नहीं छू पाया था। पिछले वर्ष मई माह में अधिकतम तापमान केवल एक दिन 22 मई को 42.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद 31 मई तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सैल्सियस का आंकड़ा भी नहीं छू पाया था। जिला ऊना में यदि वर्ष 2022 की बात करें तो इस वर्ष की तुलना में अधिक गर्मी पड़ी थी। जानकारी के मुताबिक 16 मई, 2022 को ऊना का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया था। इस वर्ष 19 मई को ऊना का अधिकतम पारा 44.2 डिग्री सैल्सियस पर पहुंच गया है। यदि इसी प्रकार सूर्यदेव प्रचंड रहे तो वर्ष 2022 का रिकाॅर्ड भी टूट सकता है।

जिला ऊना में भयंकर गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़के सुनसान नजर जा रही हैं। इन सड़कों पर नाममात्र के वाहन चालक नजर आते हैं। आज भरी दोपहरी में ऊना का रैडलाइट चौक भी खाली नजर आ रहा था। यह चौक हमेशा व्यस्त रहता है। उधर भयंकर गर्मी से राहत के लिए प्रवासी बच्चे स्वां नदी में बार-बार नहा रहे हैं। मौसम विभाग के सहायक अधिकारी विनोद शर्मा के मुताबिक आज ऊना का अधिकतम तापमान 44.2 तो न्यूनतम 22 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। शनिवार को ऊना का अधिकतम तापमान 43.8 तो न्यूनतम 21 डिग्री सैल्सियस था। शनिवार के मुकाबले रविवार को अधिकतम तापमान में प्वाइंट 4 तो न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सैल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News