Una: GST के बहाने रोकी जा रही पंजाब केसरी समूह की आवाज, केजरीवाल एंड कंपनी घोर अलोकतांत्रिक : सत्ती

punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 09:05 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सत्ती ने आम आदमी पार्टी की सरकार को घोर अलोकतांत्रिक करार दिया है। पंजाब केसरी पत्र समूह के खिलाफ लगातार की जा रही बदले की कार्रवाई और अब जीएसटी रेड पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि जो केजरीवाल लोकपाल की तैनाती और लोकतंत्र की दुहाई देकर, जनता को बरगला कर सत्ता में आए थे, वही अब लोकतंत्र की हत्या करने पर तुले हुए हैं।

उन्होंने कहा कि केजरीवाल का दिल्ली में अंत हुआ और अब पंजाब की बारी है। केजरीवाल एंड कंपनी ने पंजाब को तबाह किया है। लगातार पंजाब में फिरोतियां, नशे का जाल और हत्याएं हो रही हैं। अपराध थम नहीं रहे लेकिन सच लिखने वालों की आवाज दबाई जा रही है। अब केजरीवाल एंड कंपनी का लोकतंत्र कहां है? किस डैमोक्रेसी की बात कहकर वह सत्ता में आए थे? उन्होंने कहा कि अब आप सरकार का अंत तय है और सरकारी तंत्र के जरिए आखिरी लड़ाई लड़ी जा रही है।

सत्ती ने कहा कि जब चुटकुलों वाले नेता बनेंगे तो लोकतंत्र खतरे में पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इतिहास कभी ऐसे लोगों को माफ नहीं करेगा। पंजाब में भगवंत मान के पीछे से जो लोग खेल कर रहे हैं उन्हें भुगतना पड़ेगा। अंग्रेजों ने भी मीडिया का गला घोंटने का प्रयास किया था लेकिन उन्हें भी देश छोड़ना पड़ा। पंजाब केसरी पत्र समूह के संस्थापक लाला जगत नारायण जी ने आजादी से पहले भी अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी और देश आजाद करवाने में बड़ी भूमिका अदा की। इस परिवार ने लोकतंत्र की रक्षा करने में अग्रणी भूमिका अदा की है। भगवंत मान सरकार इस समूह को रोक नहीं पाएगी बल्कि सरकार खुद खत्म हो जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News