ऊना में भीषण सड़क हादसा: HRTC बस ने कार को मारी जोरदार टक्कर, 5 लोग गंभीर घायल
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 10:38 AM (IST)
हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के मुबारिकपुर-भरवाईं मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। सिद्ध चलेहड़ के पास हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस और मारुति कार के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
शोक सभा से लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग बैह-ढोंटा क्षेत्र में एक शोक सभा में शामिल होने के बाद अपने घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार सिद्ध चलेहड़ के पास पहुँची, सामने से आ रही तेज रफ्तार एचआरटीसी बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
स्थानीय लोगों ने पहुँचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया। घायलों की पहचान थड़ा निवासी ऊषा देवी, मनभरी,
एकता देवी, रवि कुमार और अनिल कुमार (चालक) के रूप में हुई है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू किया और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। एसडीपीओ अंब, अनिल पटियाल ने पुष्टि की है कि पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है और घायलों का उपचार जारी है।

