ऊना-होशियारपुर रोड पर हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर में युवक की मौत
punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 07:26 PM (IST)
हरोली (दत्ता): ऊना-होशियारपुर मुख्य मार्ग पर स्थित गांव ईसपुर में एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक के बीच हुई टक्कर में एक 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ऊना की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान ईसपुर मोड़ के नजदीक भदसाली से ईसपुर की ओर आ रहे एक बाइक सवार की इस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान युवक का सिर ट्रॉली के एक हिस्से से जोर से टकराया, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों ने जब बाइक सवार को देखा तो उसकी सांसें थम चुकी थीं। स्थानीय लोगों ने बिना कोई देरी किए इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मृतक की पहचान 32 वर्षीय मोहित कुमार निवासी गांव खड्ड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोहित अपना दिनभर का काम खत्म करने के बाद वापस अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही हरोली थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। मामले की पुष्टि करते हुए हरोली थाना के प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि ईसपुर में हुए इस सड़क हादसे में खड्ड गांव के रहने वाले मोहित कुमार (32) की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

