जिंदा कछुआ लेकर महंत को देने जा रही थी महिला, रात के अंधेरे में ढाबे पर खुली पोल; मामला दर्ज

punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 12:10 PM (IST)

Una News : दिल्ली-बैजनाथ रूट पर चल रही हरियाणा रोडवेज की बस में एक महिला के पास कछुआ मिलने का मामला सामने आया है। बस चालक सुधीर कुमार निवासी सोनीपत हरियाणा की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, 29 अगस्त को बस दिल्ली से बैजनाथ के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 52 यात्री सवार थे। रात करीब 1.30 बजे पक्का परोह स्थित एक ढाबे पर बस रुकी तो एक महिला बस से उतरी और हाथ में रखे डिब्बे का पानी बदलने लगी। इसी दौरान चालक की नजर डिब्बे में मौजूद कछुए पर पड़ी। चालक ने महिला से कछुआ ले जाने संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकी। महिला ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश निवासी के रूप में बताई।

मामला दर्ज

पूछताछ में उसने बताया कि वह कछुए को धर्मशाला स्थित एक मंदिर में रहने वाले महंत के पास ले जा रही थी। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ धारा 51(1) वाइल्ड लाइफ प्रोटैक्शन एक्ट, 1972 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जरूरी कार्रवाई के बाद पुलिस ने कछुए को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma