ऊना में ट्रैक्टर चालक से मारपीट, आंखों में डाला पाऊडरनुमा पदार्थ; 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2026 - 02:05 PM (IST)
ऊना (अम्ब) : पुलिस थाना अम्ब के तहत गोन्दपुर बनेहड़ा में एक ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने पहले ट्रैक्टर के आगे गाड़ी लगाकर उसका रास्ता रोका और फिर चालक की आंखों में पाऊडरनुमा पदार्थ डालकर बेसबॉल बैट व मुक्कों से हमला कर दिया। पीड़ित ने अपने पास रखे 70 हजार रुपए भी गायब होने की बात कही है।
पुलिस को दिए बयान में राहुल शर्मा (34) निवासी वार्ड नंबर-2 गोन्दपुर बनेहड़ा ने बताया कि वह अपने चाचा का ट्रैक्टर चलाता है। 30 अक्टूबर को वह बिल्ला ईंट भट्ठे से ईंटें लेकर ब्रह्मपुर गया था। वहां से वापस भंजाल लौटते समय करीब डेढ़ बजे गोन्दपुर बनेहड़ा में पीछे से आई एक गाड़ी ने उसके ट्रैक्टर के आगे रास्ता रोक लिया। गाड़ी से तीन युवक उतरे, जिनमें से दो को वह पहले से पहचानता है, हालांकि उनके नाम नहीं जानता।
जांच में जुटी पुलिस
राहुल के अनुसार, युवकों ने उसे ट्रैक्टर से नीचे उतरने को कहा। मना करने पर एक युवक ने दूसरे को उसे पीछे से पकड़ने के लिए कहा जबकि इस दौरान एक अन्य युवक ने उसकी आंखों में पाऊडरनुमा पदार्थ डाल दिया। इसके बाद तीनों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित को उसका दोस्त उपचार के लिए दौलतपुर अस्पताल लेकर पहुंचा। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयान और मैडीकल रिपोर्ट के आधार पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की बनती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

