Hamirpur: बाल विवाह और यौन शोषण की शिकार हुईं 2 नाबालिग लड़कियां, अस्पताल में जांच के दौरान खुला राज

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 11:11 PM (IST)

हमीरपुर (अजय): जिला हमीरपुर के नादौन क्षेत्र में बाल विवाह और यौन शोषण का एक बेहद गंभीर और संगीन मामला सामने आया है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार पीड़िता 2 नाबालिग लड़कियां हैं, जिनमें से एक बिहार राज्य की रहने वाली है, जबकि दूसरी हमीरपुर के किसी क्षेत्र से संबंधित है।

मामला तब प्रकाश में आया जब हाल ही में एक अस्पताल में लड़कियों का मेडिकल चैकअप किया गया। इस दौरान जांच कर रहे डॉक्टर ने दोनों बच्चियों की स्थिति को देखते हुए तुरंत नादौन पुलिस को बाल विवाह और यौन शोषण के बारे में सूचित किया। अस्पताल की सतर्कता के कारण ही इस जघन्य अपराध का खुलासा हो पाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी हमीरपुर राजेश उपाध्याय ने बताया कि नादौन पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (2), 65 (2), पोक्सो एक्ट की धारा 4 और बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत एफआईआर पंजीकृत की है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस संवेदनशील मामले की जांच को अत्यंत गंभीरता से ले रही है और जांच प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

चाइल्ड वैल्फेयर कमेटी ने संभाली कमान
शुक्रवार को नादौन पुलिस ने दोनों नाबालिग पीड़िताओं को जिला चाइल्ड वैल्फेयर कमेटी के समक्ष पेश किया। इस दौरान बेंच के अध्यक्ष मनीष राणा, सदस्य एडवोकेट अश्विनी लंबरदार, ए. सिद्धार्थ कौशल व डॉ. संगीता कुमारी उपस्थित रहे। पीड़िताओं की मदद के लिए काऊंसलर दिनेश कुमार और को-ऑर्डिनेटर मनोरमा लखनपाल भी मौजूद थे। पुलिस विभाग से एलसी कविता कुमारी व जीवना कुमारी ने भी प्रक्रिया में सहयोग किया।

कोर्ट में दर्ज करवाए जाएंगे पीड़िताओं के बयान 
चाइल्ड वैल्फेयर कमेटी के अध्यक्ष मनीष राणा ने बताया कि दोनों नाबालिगों की काऊंसलिंग की गई है और शनिवार को कोर्ट में उनके बयान दर्ज करवाए जाएंगे। सुरक्षा और उचित देखभाल के मद्देनजर दोनों पीड़िताओं को वन स्टॉप सैंटर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News