Sirmaur: पैट्रोल छिड़ककर फूंकी कार, CCTV ने खोला हरियाणा के 5 युवकों का राज; 2 पहुंचे हवालात

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 07:31 PM (IST)

पांवटा साहिब (कपिल): पुलिस थाना पांवटा साहिब क्षेत्र में कार को आग लगाने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया है। मामले की जांच अभी जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 4 मई को रणजीत सिंह पुत्र डॉ. मनमोहन सिंह निवासी वार्ड नंबर-8, कोर्ट रोड पांवटा साहिब ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 3/4 मई की रात करीब दो बजे शोर और धुएं के कारण उनकी नींद खुली। जब वह घर के गेट की ओर पहुंचे तो देखा कि उनकी कार (एचपी 17जी-1000) आग की लपटों में घिरी हुई थी। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से किसी तरह कार को बाहर निकाला और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। शिकायतकर्ता ने जब अपने घर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो उसमें दो बाइकों पर सवार 5 युवक दिखाई दिए। फुटेज में आरोपी घर के गेट के अंदर पेट्रोल छिड़ककर कार को आग लगाते हुए नजर आए और फिर मौके से फरार हो गए।

मामले में पुलिस ने थाना पांवटा साहिब में धारा 326(जी), 324(4) और 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान साइबर सैल पांवटा साहिब और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल (21) पुत्र विजय कुमार निवासी गांव भगवानपुर, डाकघर फतेहपुर, तहसील जगाधरी, जिला यमुनानगर (हरियाणा) और निखिल (21) पुत्र सतपाल निवासी गांव बुढिया चुंगी, तहसील जगाधरी जिला यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में हुई है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया गया। उनका कहना है कि मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहन जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News