Sirmaur: नैशनल हाईवे पर खौफनाक हादसा, अनियंत्रित होकर बोलेरो गाड़ी पर पलटा आलुओं से भरा ट्रक, 2 लोग घायल

punjabkesari.in Friday, May 15, 2026 - 06:08 PM (IST)

नाहन (आशु): सदर पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत पांवटा साहिब-कालाअंब नैशनल हाईवे-7 पर खजुरना पुल के समीप एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां आलू की बोरियों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर एक बोलेरो गाड़ी पर पलट गया। इस खौफनाक हादसे में बोलेरो सवार चालक, एक महिला और एक बच्चा सुरक्षित बच गए। वहीं, ट्रक चालक और परिचालक घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 9 बजे के आसपास हुआ। बोलेरो गाड़ी मालोवाला की ओर से नाहन जा रही थी, जबकि आलू से भरा ट्रक पांवटा साहिब की तरफ आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही ट्रक खजुरना के पास पहुंचा, अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। सामने बोलेरो गाड़ी खड़ी थी। हादसे को टालने के लिए ट्रक चालक ने अंतिम क्षण तक वाहन को नियंत्रित करने और सीधी टक्कर से बचाने का पूरा प्रयास किया। उसने ट्रक को दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वजन ज्यादा होने और तेज रफ्तार के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे बोलेरो गाड़ी पर ही पलट गया।

हादसे में बोलेरो गाड़ी ट्रक के नीचे बुरी तरह दब गई, लेकिन तुरंत बचाव कार्य कर बोलेरो सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच मारकंडा पुल क्षेत्र के रहने वाले एक स्थानीय युवक ने मानवता का परिचय दिया। उसने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी और अपनी निजी गाड़ी में दोनों घायलों (ट्रक चालक-परिचालक) को मेडिकल कॉलेज नाहन पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि यदि ट्रक चालक सूझबूझ न दिखाता और अंतिम समय तक वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश न करता, तो हादसा और भी ज्यादा भयावह हो सकता था।

हादसे के कारण नैशनल हाईवे-7 पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को बहाल करवाया। एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मौके का मुआयना कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News