Himachal: नशा माफिया के खिलाफ बड़ा एक्शन, सुंदरनगर में 1.426 KG चरस के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 07:30 PM (IST)

सुंदरनगर (सोढी): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस को एक ही दिन में दो बड़ी कामयाबियां हाथ लगी हैं। सुंदरनगर पुलिस की टीम ने पुंघ क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान 2 अलग-अलग गाड़ियों से कुल 1 किलो 426 ग्राम चरस की खेप बरामद की है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस  एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और 6 युवकों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। 

एप्लाइड फॉर कार से पकड़ी 914 ग्राम चरस
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम पुंघ फोरलेन पर नियमित नाकाबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की कड़ी चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक एप्लाइड फॉर कार को जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस ने शक के आधार पर कार की तलाशी ली, तो उसमें से 914 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही कार सवार 2 युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरपियों की पहचान बबलू निवासी गांव खिन्नी, डाकघर व तहसील औट, जिला मंडी और देवेंद्र कुमार निवासी गांव पनवी, डाकघर बरहन, तहसील सैंज व जिला कुल्लू के रूप में हुई है।

ऑल्टो कार से 512 ग्राम चरस बरामद, 4 युवक दबोचे
दूसरे मामले में पुलिस ने कुल्लू की ओर से आ रही एक ऑल्टो कार को रुकने का इशारा किया। वाहन की गहनता से तलाशी लेने पर उसके अंदर से 512 ग्राम चरस बरामद हुई। इस मामले में पुलिस ने कार में सवार 4 युवकों को मौके से दबोच लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान हरीश पुत्र तेज प्रकाश निवासी बरशोगी, जिला कुल्लू, रितेश ठाकुर पुत्र अमृत लाल निवासी धवाली, जिला मंडी, अखिल देतवालिया पुत्र कुलदीप सिंह निवासी नोहान, जिला हमीरपुर और विजय पुत्र मुंशी राम निवासी बकारद, जिला मंडी के रूप में हुई है।

खंगाले जा रहे मोबाइल फोन, बड़े नैटवर्क के भंडाफोड़ की तैयारी
मंडी के एसपी विनोद कुमार ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी 6 आरोपियों के खिलाफ थाना सुंदरनगर में एनडीपीएस अधिनिम के तहत मुकदमे दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब इस मामले की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि चरस की यह बड़ी खेप कुल्लू में किससे खरीदी गई थी और इसे आगे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य इलैक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी बारीकी से पड़ताल कर रही है, ताकि यह साफ हो सके कि इन युवकों के तार किसी बड़े अंतर्राज्यीय नशा तस्करी गिरोह से तो नहीं जुड़े हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News