हिंदू धर्म के खिलाफ काम करने वाली प्रयोगशाला के सबसे बड़े नेता राहुल : त्रिलोक जम्वाल
punjabkesari.in Sunday, Nov 14, 2021 - 09:47 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि यह दुखद विषय है कि 48 घंटे के भीतर कांग्रेस पार्टी द्वारा हिंदू धर्म के ऊपर 3 बार प्रहार किया गया है। पहले सलमान खुर्शीद, फिर राशिद अल्वी और अब स्वयं राहुल गांधी ने हिंदू धर्म को अपमानित किया है। उन्होंने कहा कि सलमान खुर्शीद की किताब पर भारतीय जनता पार्टी ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से स्पष्टीकरण की मांग की थी। कांग्रेस की सोच स्पष्ट करने को कहा था। उस पर राहुल गांधी द्वारा हिंदू धर्म पर हमला और हिंदुत्व का अपमान यह दर्शाता है कि कांग्रेस की सोच क्या है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सलमान खुर्शीद की किताब में हिंदू धर्म और हिंदुत्व के खिलाफ लिखी हर बात का एक तरह से समर्थन किया है। राशिद अल्वी ने भगवान राम के भक्तों को कालनेमी निशाचर कहा। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और 130 करोड़ देशवासियों का अपमान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा लगातार हिंदू धर्म और हिंदुत्व के खिलाफ हमला और अनर्गल बयान कोई संयोग नहीं बल्कि तुष्टिकरण की राजनीति का प्रयोग है। हिंदू धर्म के खिलाफ काम करने वाली प्रयोगशाला के सबसे बड़े नेता राहुल गांधी हैं। कांग्रेस हिंदू धर्म के खिलाफ साजिश कर रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here