Kullu: एचआरटीसी का ट्रायल सफल, सोमवार से केलांग-मनाली के बीच दौड़ेगी बस
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 07:52 PM (IST)
मनाली (सोनू): हिमपात के चलते मनाली-केलांग के बीच बंद पड़ी बस सेवा सोमवार से शुरू होगी। सोमवार को केलांग से सुबह साढ़े 10 बजे बस कुल्लू के लिए रवाना होगी, जबकि कुल्लू से केलांग के लिए बस सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर चलेगी। एचआरटीसी केलांग डिपो ने शुक्रवार को बस का ट्रायल किया, जो सफल रहा। हालांकि पर्यटक वाहनों के चलते अटल टनल से पलचान तक हल्का ट्रैफिक जाम लगा, लेकिन बस केलांग से मनाली पहुंच गई।
बस सेवा शुरू करने के लिए निगम ने 2 दिन पहले तैयारी शुरू कर दी थी। शुक्रवार को निगम ने इस मार्ग पर बस का ट्रायल किया। गौर हो कि भारी हिमपात के कारण 22 जनवरी को मनाली-केलांग के बीच बस सेवा बंद हो गई थी। हालांकि बीआरओ ने सड़क जनवरी के अंत तक बहाल कर दी थी लेकिन सड़क पर बर्फ व पानी जमने से बस सेवा शुरू नहीं हो पाई थी। अब हालात सामान्य होते ही बस सेवा शुरू होने जा रही है। एचआरटीसी केलांग के आरएम अंचित शर्मा ने बताया कि बस का ट्रायल सफल रहा है। केलांग-कुल्लू के बीच बस सेवा सोमवार को शुरू कर दी जाएगी।

