Sirmour: लोहा उद्योग में काम कर रहे युवक की मौत

punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 09:39 PM (IST)

कालाअम्ब: औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब स्थित एक लोहा उद्योग में शनिवार को क्रेन पर काम करते समय हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद उद्योग परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान विश्वजीत (32) पुत्र निवासी ग्राम करियाबर, डाकघर सोडरी, तहसील निजामाबाद, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार विश्वजीत क्रेन के माध्यम से सामान एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कालाअम्ब पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नाहन मैडीकल कालेज के शवगृह में रखवाया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। एसपी एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News