Himachal: करवा चौथ की भीड़ के चलते मालरोड पर वाहनों की आवाजाही बंद, घर से निकलने से पहले जान लें टाइमिंग

punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 12:24 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): करवाचौथ पर्व के दौरान सोलन शहर में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने मालरोड पर वाहनों की आवाजाही और पार्किंग पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। जिला दंडाधिकारी मनमोहन शर्मा ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह आदेश जारी किया है।

जारी आदेशों के अनुसार, 28 अक्तूबर को दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक तथा  29  अक्तूबर को सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक मालरोड पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही और पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध पुराने उपायुक्त कार्यालय चौक से पुराने बस अड्डे तक लागू होगा। इसमें हाथगाड़ियों सहित सभी प्रकार के वाहनों को शामिल किया गया है। प्रशासन के अनुसार, करवाचौथ की पूर्व संध्या और पर्व के दिन बाजार में भारी भीड़ जुटने की संभावना है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना और दुर्घटना से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है।

हालांकि एम्बुलैंस, अग्निशमन विभाग, सेना, आपातकालीन सेवाओं तथा प्रोटोकॉल एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है। जिला दंडाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक सोलन को आदेशों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने तथा यातायात के नियमन और वैकल्पिक मार्गों से वाहनों की आवाजाही के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। प्रशासन ने पर्व के दौरान लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News