2 महीने बाद सिस्सू पहुंचे पर्यटक, बर्फ से ढके लाहौल का किया दीदार

punjabkesari.in Friday, Mar 22, 2024 - 10:11 PM (IST)

मनाली (सोनू): 2 महीने बाद पर्यटन स्थल सिस्सू पर्यटकों से सराबोर हो गया। पहले दिन लगभग 250 पर्यटक वाहन सिस्सू मैदान पहुंचे। सड़क के दोनों ओर बर्फ के ढेर होने के चलते सोलंगनाला से आगे फिलहाल फोर बाई फोर वाहनों को ही जाने की अनुमति है। प्रशासन ने पर्यटन स्थल से बर्फ हटाकर पार्किंग की व्यवस्था की है। शीत मरुस्थल में 3 से 4 फुट बर्फ की मोटी परत बिछी है। लाहौल पहुंचते ही पर्यटक बर्फ से ढके शीत मरुस्थल लाहौल के दीदार कर खासे उत्साहित हो रहे हैं। सिस्सू में पर्यटन कारोबार ने गति पकड़ ली है। सिस्सू पर्यटन स्थल में 15 जनवरी से 28 फरवरी तक सभी पर्यटन गतिविधियों पर देव प्रतिबंध लग गया था, साथ ही इस बीच भारी हिमपात का क्रम भी जारी रहा। एक सप्ताह से हिमपात का क्रम कम होने से जनजीवन पटरी पर लौटा और प्रशासन ने पर्यटन स्थल पर्यटकों के लिए बहाल कर दिए। 
PunjabKesari

सोलंगनाला में भी लग रहा पर्यटकों का मेला 
दूसरी ओर सोलंगनाला में भी पर्यटकों का मेला लगा रहा। अधिकतर पर्यटकों ने सोलंगनाला सहित अंजनी महादेव व फातरु में बर्फ का आनंद लिया। पर्यटन कारोबारी राजेश व रतन ने बताया कि अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल सहित सिस्सू में पर्यटकों की चहलकदमी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि हालांकि फोर बाई फोर वाहनों को ही लाहौल आने की अनुमति है लेकिन सड़क की हालत सामान्य होने पर सभी पर्यटक वाहन सिस्सू पहुंचना शुरू हो जाएंगे। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि फोर बाई फोर वाहनों को सोलंगनाला से आगे जाने की अनुमति दी गई है।

किश्तवाड़ होते हुए जम्मू से जुड़ा लाहौल पर्यटन स्थल
मनाली 3 महीने बाद लाहौल वाया किश्तवाड़ जम्मू से जुड़ गई है। बीआरओ ने तांदी-संसारी-जम्मू मार्ग को बहाल कर दिया है। हिमपात व सर्दियों के चलते दिसम्बर के अंत में इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई थी। बीआरओ द्वारा सड़क बहाल कर लेने के बाद वाहनों की आवाजाही फिर से सुचारू हो गई है। बीआरओ शिंकुला बहाली के करीब पहुंच गया है। इस महीने के अंत तक जांस्कर घाटी मनाली से जुड़ जाएगी। इससे पहले बीआरओ ने 15 फरवरी को भी शिंकुला बहाल कर जांस्कर को मनाली से जोड़कर रिकॉर्ड बनाया था। दूसरी ओर मनाली-लेह मार्ग बहाली भी युद्धस्तर पर जारी है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News