पर्यटकों ने किया मिनी स्विट्जरलैंड का रुख, पैराग्लाइडिंग सहित घुड़सवारी का उठा रहे लुत्फ

punjabkesari.in Tuesday, Mar 19, 2024 - 06:55 PM (IST)

चम्बा (रणवीर): मैदानी क्षेत्रों में गर्मी बढ़ने से जिले के पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार होने लगे हैं। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम विख्यात खजियार में दिल्ली, पंजाब और गुजरात के काफी पर्यटक पहुंच रहे हैं। पिछले करीब 2 माह से ठंड के कारण यहां सन्नाटा पसरा हुआ था लेकिन इस सप्ताह से सैलानियों की संख्या में धीरे-धीरे बढ़ौतरी हो रही है। इससे पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है। होटलों में भी बुकिंग होनी शुरू हो गई है। खाली पड़े झील मैदान में सैलानियों की आवाजाही बढ़ गई है। पर्यटक घुड़सवारी करके यहां की हसीन वादियों को निहार रहे हैं। कारोबारियों को आने वाले दिनों में सैलानियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। स्थानीय लोक कलाकार भी पहाड़ी संगीत से बाहरी राज्यों के सैलानियों को चम्बा की संस्कृति से रू-ब-रू करवा रहे हैं। मुसादा गायन से लेकर अन्य पारंपरिक गीतों से सैलानियों का मनोरंजन किया जा रहा है। 

देवदार के पेड़ों से घिरा हुआ है काला टोप 
खजियार की हसीन वादियों का आनंद लेने के साथ-साथ सैलानी काला टोप भी पहुंच रहे हैं। गौरतलब है कि काला टोप चारों तरफ से देवदार के पेड़ों से घिरा हुआ है। इन पेड़ों के बीच सैलानियों के ठहरने के लिए वन्य प्राणी विभाग का विश्राम गृह है, जहां सैलानी रात बिताकर कैंप फायर का भी आनंद उठा रहे हैं। वहीं खजियार में सैलानी पैराग्लाइडिंग का भी जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। पर्यटन विभाग चम्बा ने भी इसके लिए पूरी तैयारी की है। जिले में पर्यटन विभाग में करीब 100 से अधिक लाइसैंस धारक रजिस्टर्ड हैं। चम्बा में लाहड़ा से द्रौल, खड़ोटा से लाहड़ा, नैनीखड्ड के रैणा समेत कुल 4 साइट्स हैं, जहां पैराग्लाइडिंग की अनुमति दी गई है। पर्यटन विभाग के अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि चम्बा में पर्यटन को विश्व के मानचित्र पर लाने के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर कवायद शुरू कर दी है।

पैराग्लाइडिंग साइट पर सुविधाओं को किया जाएगा विकसित
पर्यटन विभाग के अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि पैराग्लाइडिंग साइट पर आवश्यक सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। पैराग्लाइडिंग साइट तक पहुंचने के लिए जल्द सड़क बनाने का प्लान है। लोक निर्माण समेत वन विभाग के अधिकारियों से मिलकर सभी औपचारिकताओं को पूरा करने का कार्य किया जाएगा। पैराग्लाइडर लाइसैंस धारकों को पैराग्लाइडिंग साइट पर सुरक्षा के मद्देनजर साइट के आसपास डंगे लगाने, बड़े-बड़े पत्थरों को साइट से हटाने व साइट पर पड़े गड्ढों को भरने के अलावा सफाई का भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पैराग्लाइडिंग के लिए आने वाले पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। खजियार में पैराग्लाइडिंग से जुड़े कई पायलट शामिल हैं। सैलानी पैराग्लाइडिंग के रोमांच का मजा ले रहे हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News