Shimla: वर्ष 2024 में अब तक 1.16 करोड़ से अधिक पर्यटकों ने की हिमाचल की सैर

punjabkesari.in Sunday, Sep 29, 2024 - 11:57 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष पर्यटकों के आने का आंकड़ा 2 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है। बीते 2 वर्षों में पर्यटकों की आमद में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है और अब वर्ष 2024 में अब तक 1.16 करोड़ से अधिक पर्यटक हिमाचल का भ्रमण करने के लिए पहुंच चुके हैं। अब आगामी फैस्टीवल सीजन और विंटर सीजन के शुरू होने पर दिसम्बर माह तक और अधिक पर्यटकों के हिमाचल प्रदेश पहुंचने की संभावना है। ऐसे में उम्मीद है कि इस बार एक वर्ष में पर्यटकों के आने का आंकड़ा बीते वर्षों की तुलना में अधिक रहा। पर्यटन विभाग के अनुसार वर्ष 2024 में अगस्त माह तक 1,16,23,777 पर्यटक हिमाचल के विभिन्न पर्यटन स्थलों की सैर कर चुके हैं। इसके अलावा सितम्बर माह के मध्य से पर्यटकों की आवाजाही में विशेषकर वीकैंड पर इजाफा हुआ। सितम्बर माह में हिमाचल आने वाले पर्यटकों का आधिकारिक आंकड़ा अभी जारी नहीं हुआ है। 

49,523 विदेशी पर्यटकों ने भी किया हिमाचल का रुख 
हालांकि अगस्त माह तक के आंकड़े के अनुसार हिमाचल आने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या 1,15,74,254 रही, जबकि विदेशों से 49,523 पर्यटकों ने हिमाचल की ओर रुख किया। इसको देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार दिसम्बर माह तक देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का आंकड़ा 2 करोड़ पार कर जाएगा। बता दें कि कोरोना काल के दौरान पर्यटकों की आवाजाही में बेहद कमी दर्ज की गई थी लेकिन वर्ष 2022 व 2023 की तरह अब वर्ष 2024 में लगातार पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। हालांकि वर्ष 2017 में 1,96,01,533 पर्यटक हिमाचल पहुंचे थे और यह अब तक तक रिकॉर्ड है।
PunjabKesari

बीते वर्षों में कब कितने पर्यटक पहुंचे हिमाचल
पर्यटकों का हिमाचल आने के वर्षवार आंकड़े के अनुसार वर्ष 2023 में 1,59,42,118 भारतीय पर्यटक और 62,806 विदेशी पर्यटक हिमाचल पहुंचे थे। वर्ष 2023 का कुल आंकड़ा 1,60,04,924 रहा था। इससे पूर्व वर्ष 2022 में 1,50,70944 भारतीय पर्यटकों ने हिमाचल के विभिन्न पर्यटन स्थलों की सैर की थी, जबकि विदेशी पर्यटकों के आंकड़ों के अनुसार वर्ष वर्ष 2022 में विदेशों से 29,333 पर्यटक हिमाचल पहुंचे थे, जबकि वर्ष 2021 में मात्र 4832 विदेशी पर्यटक ही हिमाचल आए थे। वर्ष 2021 में 56,37,102 देशी व विदेशी पर्यटक पहुंचे थे और वर्ष 2020 में 32,13,379 पर्यटक हिमाचल आए थे। इससे पहले वर्ष 2009 में जहां 1,14,37,155 पर्यटक हिमाचल आए थे, वहीं 2010 में 1,32,65,602, 2011 में 1,50,89,406, 2012 में 1,61,46,048, 2013 में 1,51,29,835, 2014 में 1,63,14,400, 2015 में 1,75,31,157, 2016 में 1,84,50,520, 2017 में 1,96,01,533, 2018 में 1,64,50,503 और वर्ष 2019 में 1,72,12,107 पर्यटक हिमाचल की सैर पर आए थे।

सुहावने मौसम में पर्यटकों ने घूमने का उठाया भरपूर लुत्फ
राजधानी के सुहावने मौसम में रविवार को पर्यटकों ने घूमने का भरपूर लुत्फ उठाया। बीते शनिवार की तरह रविवार को भी शिमला में पर्यटकों की खूब चहल-पहल देखने को मिली। बीते 2 सप्ताह में वीकैंड सहित रविवार को पर्यटकों की आमद में इजाफा दर्ज किया जा रहा है। इससे आगामी सीजन में पर्यटकों की अच्छी आमद होने की उम्मीद जगी है। करीब 2 माह तक शिमला सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटन कारोबार ठप्प ही था लेकिन मौसम खुलते ही अब पर्यटकों ने एक बार फिर पहाड़ों की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। रविवार को रिज मैदान सहित माल रोड के अलावा अन्य स्थानों पर पर्यटकों की आवाजाही अधिक देखने को मिली उम्मीद है अक्तूबर के प्रथम व द्वितीय सप्ताह में पर्यटकों की आमद और बढ़ेगी, जिससे पर्यटन उद्योग व उनका कारोबार बढ़ेगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News