हिमाचल में भारी बारिश का कहर: शिमला में भूस्खलन से बाप-बेटी सहित तीन लोगों की मौत
punjabkesari.in Monday, Sep 01, 2025 - 10:43 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जगह-जगह भूस्खलन और बाढ़ के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है।
शिमला जिले के जुन्गा तहसील में पटवार सर्कल डबलू के उप मोहाल जोत गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां भारी भूस्खलन की चपेट में आने से एक घर पूरी तरह से ढह गया। इस हादसे में वीरेंद्र कुमार (35) और उनकी 10 वर्षीय बेटी की मलबे में दबकर मौत हो गई। बताया गया है कि घटना के वक्त वीरेंद्र की पत्नी घर से बाहर थीं, जिसके कारण उनकी जान बच गई।
भूस्खलन इतना भीषण था कि घर के मवेशी भी इसकी चपेट में आकर मर गए। स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लगातार बारिश व अवरुद्ध सड़कों के बावजूद बचाव कार्य जारी है। शिमला के ही कोटखाई क्षेत्र में भी भूस्खलन हुआ है। कोटखाई के चोल गांव में एक मकान गिरने से बुजुर्ग महिला कलावती पत्नी बालम सिंह की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
बारिश का प्रकोप सिर्फ शिमला तक ही सीमित नहीं है। कुल्लू जिले के नग्गर नाला में बाढ़ के पानी में फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। ऊना के कुड, हरोट, घढ़थोली और क्यारियां जैसे गांवों में कई घर खतरे में हैं, जबकि सैकड़ों कनाल उपजाऊ जमीन बह गई है। कांगड़ा में 14 और हमीरपुर में तीन घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे स्थिति और भी खराब होने की आशंका है।