चंडीगढ़ में हिमाचल के दंपती सहित 3 लोगों की सड़क हादसे में मौत, शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 06:08 PM (IST)
Una News : मोहाली-कुराली हाईवे पर मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
शादी समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान ऊना जिले के देहलां गांव निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी सुरेश ऐरी, मैहतपुर निवासी कारोबारी प्रत्युष जैन (28 वर्षीय) और उनकी पत्नी हर्षिता जैन (26 वर्षीय) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि खरड़ के समीप भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा के पास (घड़ूंआ थाना क्षेत्र) यह हादसा उस वक्त हुआ, जब ये लोग शादी समारोह में शामिल होने के बाद वापस ऊना लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार (HP\ 20G\ 5666) के आगे चल रहे एक कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दी। पीछे से आ रही कार चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और कार सीधे कंटेनर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
तीन महीने पहले हुई थी शादी
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार हरियाणा के जींद में एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि दंपती की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी। वहीं, इस हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

