शिमला में हड़कंप! 3 नाबालिग लड़कियां और 1 लड़का गायब, खौफ में परिजन

punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 04:53 PM (IST)

Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के ग्रामीण क्षेत्रों में चार नाबालिगों के रहस्यमयी तरीके से गायब होने का मामला सामने आया है। जिला के ठियोग उपमंडल से तीन लड़कियां और कुमारसैन से एक 16 वर्षीय लड़का लापता है। एक साथ चार बच्चों के गायब होने से पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है और विभिन्न थानों की टीमें उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

अस्पताल से लौटी मां, तो घर से गायब मिला बेटा

पहला मामला कुमारसैन थाना क्षेत्र का है। यहां एक महिला ने पुलिस को बताया कि वह 4 फरवरी को इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला गई थी। 5 फरवरी को जब वह घर लौटी, तो उसका 16 वर्षीय बेटा वहां से गायब था। परिजनों ने जब उसके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, तो पता चला कि युवक ने परिवार के सभी नंबर ब्लॉक कर दिए हैं। किसी अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ठियोग उपमंडल से लापता हुई तीन लड़कियां

दूसरा मामला ठियोग उपमंडल का है, जो अधिक चिंताजनक है। यहां  6 फरवरी को लेलू पुल के पास ननिहाल में छोड़ी गई एक 16 वर्षीय किशोरी अचानक लापता हो गई। जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तो पता चला कि उसी क्षेत्र की दो अन्य नाबालिग लड़कियां (उम्र 12 और 13 वर्ष) भी गायब हैं। तीनों लड़कियां एक ही इलाके से लापता हुई हैं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में छानबीन के बाद भी अब तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

पुलिस की अपील

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई राकेश कुमार जांच की कमान संभाल रहे हैं। पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को इन बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो वह तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या कंट्रोल रूम में सूचित कर सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News