Himachal: कुल्लू के इनर अखाड़ा बाजार में मंडराया भूस्खलन का खतरा, प्रशासन ने खाली करवाए आधा दर्जन मकान
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 07:53 PM (IST)
कुल्लू (संजीव): कुल्लू जिले में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर तबाही की घंटी बजा दी है। बारिश के कारण जिले के सबसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में शुमार इनर अखाड़ा बाजार में पहाड़ी से भूस्खलन और जमीन धंसने का सिलसिला शुरू हो गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है और खतरे की जद में आए आधा दर्जन घरों को तुरंत खाली करवा लिया है।
दीवारों में आई दरारें, सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए लोग
जानकारी के अनुसार इनर अखाड़ा बाजार का क्षेत्र लंबे समय से भूस्खलन के प्रति बेहद संवेदनशील रहा है। लगातार बारिश के कारण जमीन नरम पड़ गई है, जिससे पहाड़ी के ऊपरी हिस्से से मिट्टी और बड़े पत्थरों के गिरने का सिलसिला जारी है। घरों की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आने और मलबा गिरने के बाद स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई। किसी भी संभावित जानमाल के नुक्सान को रोकने के लिए प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को तुरंत सुरक्षित स्थानों और अस्थायी आश्रय स्थलों में स्थानांतरित कर दिया है।
प्रशासन मुस्तैद, डीसी ने जारी किए अलर्ट के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल, राजस्व विभाग के अधिकारी और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। कुल्लू के उपायुक्त ने खुद स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे भूलकर भी खतरे वाले क्षेत्रों की तरफ न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करने की सलाह दी गई है।
ड्रेनेज सिस्टम की कमी बनी मुख्य कारण
इनर अखाड़ा बाजार के निवासी इस भूस्खलन से खौफजदा हैं। स्थानीय लोगों का सीधा आरोप है कि इलाके में पानी की ड्रेनेज व्यवस्था न होने के कारण बारिश का सारा पानी जमीन में रिस रहा है, जो इस भूस्खलन का मुख्य कारण बन रहा है। लोगों के चेहरों पर खौफ इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि पिछले वर्ष भी इसी क्षेत्र में एक भीषण भूस्खलन हुआ था। उस दर्दनाक हादसे में 10 लोगों की जान चली गई थी और दर्जनों घर जमींदोज हो गए थे। उन मौतों की यादें आज भी अखाड़ा बाजार के लोगों को डरा रही हैं।
कुल्लू में 48 घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी
संकट अभी टला नहीं है। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों के लिए कुल्लू सहित प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग ने इन क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की कड़ी संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने पहाड़ी ढलानों पर रहने वाले अन्य लोगों को भी पूरी तरह से सतर्क रहने और एहतियात बरतने की सलाह दी है।

