शादी से एक दिन पहले लड़की के घर पहुंची ये टीम, फिर हुआ कुछ ऐसा कि....

punjabkesari.in Wednesday, Oct 10, 2018 - 06:42 PM (IST)

हरोली: विधानसभा क्षेत्र हरोली की ग्राम पंचायत में वीरवार को जिस घर में बारात आनी थी, वहां ठीक एक दिन पहले कई सरकारी महकमों ने दस्तक दे दी। मामला लड़की के नाबालिग होने से जुड़ा होने के कारण एकाएक सारा सरकारी तंत्र हरकत में आ गया और शादी की तारीख को स्थगित करवाया गया। वहीं दूसरी ओर शादी करने जा रही नाबालिग लड़की का कहना है कि उसे शादी से संबंधित बालिग होने के 18 वर्ष पूरे होने की सही जानकारी नहीं थी क्योंकि बुधवार को वह जन्म के 17 वर्ष पूरे होने के बाद 18वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। मामला एक मशहूर नाबालिग लड़की से जुड़ा हुआ है, जोकि पिछले समय में अखबारों की सुर्खियों में भी रही थी। इसलिए उसे हर कोई जानता था।

जन्म प्रमाण पत्र ने किया उम्र का खुलासा
मामले की जांच-पड़ताल तब हुई जब बाल विकास परियोजना कार्यालय हरोली की पर्यवेक्षक द्वारा लड़की की शादी के लिए मुख्यमंत्री कन्या योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि देने बारे औपचारिकताएं करने सम्बन्धी उसका जन्म प्रमाण पत्र मंगवाया गया। तब अधिकारी ने उसमें लिखी जन्म की तारीख को पढ़ा, जिसमें उसकी जन्मतिथि 10-10-2001 लिखी हुई थी, जिसके हिसाब से वह आज पूरे 17 वर्ष की हुई है। वहीं अधिकारी के हाथ में उसकी शादी का कार्ड था, जिसमें 11 तारीख को बारात उसके घर आनी थी। अधिकारी ने तुरंत इसकी जानकारी अपने उच्चाधिकारिर्यों को दी। वहीं लड़की व उसके परिजनों को शादी सम्बन्धी कानून की जानकारी से अवगत करवाया। उन्हें बताया कि शादी के लिए 18 वर्ष पूरे होने चाहिए।

एस.डी.एम. हरोली ने लड़की के घर भेजी अधिकारियों की टीम
मामले की जानकारी पाते ही एस.डी.एम. हरोली गौरव चौधरी ने पुलिस व अपने विभाग के अधिकारियों को लड़की के घर भेजा। स्थानीय ग्राम पंचायत प्रतिनिधि व अन्य गण्यमान्य लोगों ने नाबालिग लड़की व उसके परिजनों को शादी सम्बन्धी कानून की जानकारी दी। काफी देर तक मशक्कत करने के उपरांत नाबालिग लड़की ने शादी की तारीख स्थगित करने में अपनी सहमति दे दी। वहीं मौजूद अधिकारियों द्वारा लड़के वालों से भी संपर्क करके पूरी जानकारी दी गई। लड़के वालों ने कहा कि वे कानून का पूरा सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें लड़की के 18 वर्ष पूरे होने सम्बन्धी जानकारी नहीं थी।

नाबालिग लड़की को चाहिए सही मार्गदर्शन
बहुचर्चित रही नाबालिग लड़की को मौजूदा समय में सही मार्गदर्शन की जरूरत है। ऐसा स्थानीय बुद्धिजीवी वर्ग का मानना है। उनका कहना है कि इस समय वह किन्हीं बातों को लेकर अपने पारिवारिक सदस्यों संग रहना तक नहीं चाहती। बुधवार को जब उसके घर सरकारी महकमों के अधिकारी व स्थानीय ग्राम पंचायत प्रतिनिधि गए हुए थे, तब वह अपने पारिवारिक सदस्यों से अलग रहने सम्बन्धी बता रही थी। बुद्धिजीवी वर्ग का कहना है कि उसे अगर सही समय में मार्गदर्शन नहीं मिला तो उसका भविष्य कहीं डगमगा न जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News