बिजली के खंभों की नंगी तारों का ये मकडजाल हो सकता है खतरनाक साबित

punjabkesari.in Monday, Mar 05, 2018 - 11:56 AM (IST)

काईस : बिजली बोर्ड की लापरवाही हर किसी की जान पर भारी पड़ने लगी है। जिला के कई इलाकों में ट्रांसफार्मर या बिजली के खंभों में लगी नंगी तारों का जंजाल खतरनाक साबित हो रहा है। बारिश के दिनों में अक्सर बिजली के खंभों में करंट आ जाता है जिससे पशुओं व मनुष्य को करंट लग जाता है। बिजली बोर्ड हादसों को न्यौता दे रही बिजली की नंगी तारों को दुरुस्त करने की जहमत नहीं उठा रहा है। इसका खमियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ताजा घटनाक्रम में जिला कुल्लू के प्राचीनतम गांव मलाणा में बिजली बोर्ड की घोर लापरवाही सामने आई है। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले 1 माह से बिजली के खंभे में बिजली प्रवाहित हो रही है। इस संदर्भ में ग्रामीणों ने कई बार बिजली बोर्ड को अवगत करवाया लेकिन कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई।

दर्जनों भेड़-बकरियों और गऊओं को करंट के झटके लग चुके
रविवार सुबह रास्ते से एक गाय जा रही थी कि जैसे ही गाय बिजली के खंभे के समीप गई तो उसे करंट का जोर का झटका लगा। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक गाय थोड़ी देर के लिए बिजली के पोल से चिपकी रही लेकिन बाद में सौभाग्यवश बिजली के पोल से अलग हो गई। यही नहीं, यहां लोगों की दर्जनों भेड़-बकरियों और गऊओं को करंट के झटके लग चुके हैं। वहीं राहगीरों को भी इस रास्ते पर सावधानी से आवाजाही करनी पड़ रही है। खासकर बच्चों को इस रास्ते से ले जाना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों द्वारा अवगत करवाने के बावजूद बिजली बोर्ड हादसे होने के इंतजार में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News