Bilaspur: चोरों ने शिक्षा के मंदिर को बनाया निशाना, पहले की चोरी...फिर सबूत मिटाने के लिए किया ये काम

punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 03:24 PM (IST)

बिलासपुर (अंजलि): बिलासपुर जिले के राजकीय उच्च पाठशाला सोलग जुरासी में शातिर चोरों द्वारा सेंधमारी और तोड़फोड़ करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। चोरों ने स्कूल के रसोईघर और मुख्याध्यापक कक्ष के ताले तोड़कर हजारों रुपए के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार जब स्कूल का स्टाफ रोजाना की तरह ड्यूटी पर पहुंचा, तो उन्हें रसोईघर और मुख्याध्यापक कक्ष के दरवाजों के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाने पर सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। स्कूल प्रबंधन द्वारा जब गहनता से निरीक्षण किया गया, तो पाया गया कि शातिरों ने रसोईघर से दो भरे हुए गैस सिलैंडर, एक इंडक्शन चूल्हा और सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर चोरी कर ली है। इतना ही नहीं, शातिरों ने साक्ष्य मिटाने के इरादे से बिजली की तारों और कैमरों की केबल के साथ भी बुरी तरह छेड़छाड़ और तोड़फोड़ की है।

घटना का पता चलते ही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धार टटोह के प्रधानाचार्य डीडी सिमर को तुरंत सूचित किया गया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। इसके पश्चात स्कूल मुख्याध्यापक ने पुलिस, शिक्षा विभाग, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और स्कूल प्रबंधन समिति  को मामले से अवगत करवाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मिड-डे मील पर गहराया संकट, चौकीदार की उठी मांग
रसोईघर से गैस सिलेंडर चोरी हो जाने के कारण स्कूली बच्चों को दिए जाने वाले मिड-डे मील की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बन गई है। इसे देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने शिक्षा विभाग से आग्रह किया है कि बच्चों का भोजन प्रभावित न हो, इसके लिए तुरंत नए गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाएं। साथ ही क्षतिग्रस्त दरवाजों, बिजली व्यवस्था और सीसीटीवी सिस्टम को जल्द दुरुस्त करने की मांग की गई है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्कूल प्रबंधन ने शिक्षा विभाग से कड़ा संज्ञान लेने की अपील की है। प्रबंधन का कहना है कि स्कूल संपत्ति की सुरक्षा के लिए रात के समय एक चौकीदार की तैनाती अत्यंत आवश्यक है। विभाग से जल्द से जल्द रात्रि चौकीदार की व्यवस्था के आदेश जारी करने की पुरजोर मांग उठाई गई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News