Shimla: टीन की छत उखाड़कर दुकान में घुसा चोर...नकदी और सामान किया हाथ साफ, CCTV में कैद हुई वारदात
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 05:38 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश के ठियोग उपमंडल के तहत फागू मुख्य बाजार में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। फागू चौकी के अधिकार क्षेत्र में आने वाले एक जनरल स्टोर में अज्ञात शातिर ने देर रात सेंधमारी कर नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
डेढ़ घंटे तक दुकान खंगालता रहा चोर
दुकान के मालिक निखिल सूद द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार चोरी की यह घटना 11 और 12 फरवरी की मध्यरात्रि को हुई। सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पता चला कि एक अज्ञात व्यक्ति रात करीब 3:30 बजे दुकान में दाखिल हुआ और करीब 4:50 बजे तक वहां रहा। इस दौरान उसने इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि चोर ने दुकान के मुख्य ताले नहीं तोड़े। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि जब वह 12 फरवरी की सुबह 8:30 बजे दुकान खोलने पहुंचे, तो ताले सही सलामत थे, लेकिन अंदर सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पाया गया कि चोर ने दुकान की दक्षिण दिशा की ओर लगी टीन की शीट और जाली को उखाड़कर अंदर प्रवेश किया था।
45 हजार की नकदी और सामान पर किया हाथ साफ
चोर दुकान के गल्ले से करीब 45 हजार रुपए की नकदी ले उड़ा। इसके अलावा बड़ी मात्रा में सिगरेट के पैकेट, चॉकलेट, कॉस्मेटिक का सामान और ड्राई फ्रूट्स भी चोरी किए गए हैं। कुल चोरी हुए सामान और नकदी की अनुमानित कीमत लगभग 1.50 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने कब्जे में ली सीसीटीवी फुटेज, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही ठियोग पुलिस और फागू चौकी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है। पुलिस थाना ठियोग में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की पहचान के लिए बाजार के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

