1 से 5 जून तक आयोजित किया जाएगा शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026, जानिए क्या कुछ होगा खास?

punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 03:45 PM (IST)

Shimla News :  शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026 इस वर्ष 01 से 05 जून तक ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी शिमला ग्रीष्मोत्सव समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने यहां बचत भवन में शिमला ग्रीष्मोत्सव के आयोजन के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। अनुपम कश्यप ने बताया कि इस वर्ष शिमला ग्रीष्मोत्सव के दौरान प्रतिदिन गतिविधियां अलग-अलग थीम पर आयोजित होंगी।

सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी आयोजित

अनुपम कश्यप ने बताया कि पांच दिवसीय शिमला ग्रीष्मोत्सव के दौरान हर दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अतिरिक्त शाम को सुप्रसिद्ध कलाकारों की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। इस कार्य के लिए अतिरिक्त उपायुक्त, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था), जिला भाषा अधिकारी और जिला लोक संपर्क अधिकारी की समिति मिलकर कार्य करेगी। उपायुक्त ने कहा कि सभी लोग और अधिकारी शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026 आयोजन को लेकर अपने सकारात्मक और अद्वितीय सुझाव आयोजन समिति को दे सकते हैं जिन्हें इस आयोजन में सम्मिलित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला ग्रीष्मोत्सव के वैभव को पुनः स्थापित करने के भरसक प्रयास किये जायेंगे।

रिज पर दूसरी जगह लगाया जाएगा मंच

उन्होंने कहा कि ग्रीष्मोत्सव के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता, सड़क सुरक्षा जागरूकता, प्राकृतिक फ्लावर शो इत्यादि का आयोजन किया जायेगा। इस दौरान हेल्दी बेबी कम्पटीशन का आयोजन भी होगा। इसके अतिरिक्त हिमाचली फूड फेस्टिवल के आयोजन को लेकर प्रयास किए जायेंगे। उपायुक्त ने कहा कि शिमला ग्रीष्मोत्सव एक बेहद प्रतिष्ठित कार्यक्रम है, जिसका इंतजार शिमला सहित अन्य राज्यों के लोग हर वर्ष बेसब्री से करते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी शिमला ग्रीष्मोत्सव का आयोजन अच्छे तरीके से किया गया तथा उन्हें पूर्ण विश्वास है कि इस वर्ष भी सभी विभाग परस्पर तालमेल से इस उत्सव को और बेहतर ढंग से आयोजित करने में जिला प्रशासन का सहयोग करेंगे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ग्रीष्मोत्सव में अधिक से अधिक गतिविधियों का आयोजन करने के लिए सभी अधिकारियों को अभी से अपनी तैयारी आरम्भ करने के निर्देश दिए।

स्मारिका व कॉफी टेबल बुक का होगा विमोचन

उपायुक्त शिमला ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026 को लेकर एक स्मारिका तथा कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया जाएगा, जिसमें शिमला से संबंधित पुरानी तस्वीरों को शामिल किया जाएगा।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News