Himachal: मजदूर के बेटे ने भरी सफलता की उड़ान, NIT जालंधर में PhD के लिए हुआ चयन
punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 02:50 PM (IST)
बिलासपुर (बंशीधर): सच्ची लगन और कड़ी मेहनत हो तो कोई भी आर्थिक तंगी आपके सपनों की उड़ान को नहीं रोक सकती। इसे सच कर दिखाया है हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के घुमारवीं उपमंडल की ग्राम पंचायत बरढ़ी के रहने वाले पंकज कुमार ने। एक साधारण और गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले पंकज ने अपनी प्रतिभा के दम पर प्रतिष्ठित डॉ. बीआर अंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जालंधर में पीएचडी के लिए अपनी जगह पक्की की है। उनकी इस उपलब्धि ने पूरे जिले के युवाओं के लिए एक बड़ी मिसाल कायम की है।
पंकज कुमार ने यह मुकाम बेहद सीमित संसाधनों के बीच हासिल किया है। उनके पिता रूप लाल मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि माता सीता देवी एक कुशल गृहिणी हैं। घर की आर्थिक स्थिति भले ही बहुत मजबूत न रही हो, लेकिन पंकज ने कभी अपने सपनों को छोटा नहीं होने दिया और अपनी पढ़ाई पर पूरा फोकस रखा।
पंकज ने अपनी उच्च शिक्षा राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर से पूरी की है। यहीं से उन्होंने बी.कॉम और एम.कॉम की डिग्री हासिल की। शिक्षा के प्रति उनके समर्पण का ही नतीजा था कि उन्होंने दिसम्बर 2025 में आयोजित यूजीसी-जेआरएफ जैसी कठिन परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2026 की हिमाचल प्रदेश राज्य पात्रता परीक्षा को भी सफलतापूर्वक पास कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाया। लगातार सफलताओं की सीढ़ियां चढ़ते हुए पंकज का चयन अब एनआईटी जालंधर के मानविकी एवं प्रबंधन अध्ययन विभाग में जुलाई-2026 सत्र के पीएचडी कार्यक्रम के लिए हो गया है। इस प्रतिष्ठित संस्थान में चयन होना किसी भी छात्र के लिए एक बड़े सपने के सच होने जैसा है।
माता-पिता और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय
पंकज की इस शानदार उपलब्धि से उनके परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। पंकज ने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के सही मार्गदर्शन और शुभचिंतकों को दिया है। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर के प्राचार्य डॉ. पीएस कटवाल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने पंकज की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

