Chamba: मणिमहेश यात्रा से लौटते समय श्रद्धालु की पत्थर गिरने से मौत
punjabkesari.in Monday, Aug 18, 2025 - 09:24 PM (IST)

ठाकुरद्वारा (गगन): मणिमहेश यात्रा से लौट रहे इंदौरा उपमंडल के बरोटा गांव के एक व्यक्ति की सुंदरासी में पहाड़ से गिरे पत्थर की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शेखर चंद्र (40) पुत्र देव राज निवासी बरोटा, डाकघर ठाकुरद्वारा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शेखर चंद्र तीन दिन पहले बड़े बेटे, भाई, भतीजे व रिश्तेदारों के साथ मणिमहेश यात्रा पर गया था। रविवार सुबह करीब 10 बजे जब वह डल से स्नान कर हड़सर लौट रहा था तभी सुंदरासी में अचानक पहाड़ से पत्थर गिरा और उसकी चपेट में आ गया।
हादसे में शेखर की मौके पर ही मौत हो गई। भरमौर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। सोमवार शाम 7 बजे शव बरोटा पहुंचा और मंगलवार सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और पिता को छोड़ गया है। वह बरोटा में करियाना व शटरिंग का काम करता था। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।