Chamba: 15.4 ग्राम चिट्टे के साथ चम्बा के 2 युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 04:41 PM (IST)
बनीखेत (पार्थ): पुलिस की एसआईयू टीम ने पठानकोट-चम्बा-भरमौर एनएच पर चेहली गांव के समीप 2 युवकों को 15.4 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। युवकों की पहचान दीक्षित शर्मा पुत्र दिवेश शर्मा निवासी मोहल्ला सुराड़ा तहसील व जिला चम्बा तथा शिवम बढ़ोतरा पुत्र स्वर्गीय योगराज निवास मोहल्ला द्रोबी जिला चम्बा के रूप में हुई है। एस.आई.यू. टीम के जवानों द्वारा रविवार रात को पठानकोट-चम्बा-भरमौर एनएच पर चेहली के समीप नाका लगा रखा था।
नाकाबंदी के दौरान रात को वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान बनीखेत से चम्बा की ओर आ रहे एक निजी वाहन को रोका और चैकिंग की। तलाशी के दौरान दोनों युवक घबरा गए और पुलिस के सवालों का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। वाहन की गहनता से जांच करने पर सीट के नीचे से एक प्लास्टिक की पुड़िया बरामद हुई, उसमें 15.4 ग्राम चिट्टा पाया गया। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में जुटी है। तस्करों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

