Shimla: HAS प्रारंभिक परीक्षा की टैंटेटिव डेट जारी, तहसीलदार-BDO सहित भरे जाएंगे ये अहम पद

punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 05:23 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा की संभावित तिथि घोषित कर दी है। वीरवार को जारी सूचना के अनुसार यह परीक्षा 13 दिसम्बर को आयोजित की जाएगी। लोक सेवा आयोग द्वारा यह प्रारंभिक परीक्षा 2 अलग-अलग सत्रों में करवाई जाएगी। पहले सत्र की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरे सत्र की परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।

आयोग द्वारा यह परीक्षा प्रदेश के विभिन्न विभागों में अहम प्रशासनिक पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है। इससे पहले बीते 26 अगस्त को लोक सेवा आयोग ने इन पदों के लिए अधिसूचना जारी की थी। इस प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से मुख्य रूप से ग्रामीण विकास विभाग में ब्लॉक डिवैल्पमैंट ऑफिसर (बीडीओ) के 10 पद, राजस्व विभाग में तहसीलदार के 6 पद और कार्मिक विभाग में एचएएस के 4 पद भरे जाने हैं। इसके अतिरिक्त वित्त विभाग (कोषागार) में जिला ट्रेजरी ऑफिसर का एक पद तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में जिला नियंत्रक का एक पद भी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल है।

प्रारंभिक परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए लोक सेवा आयोग ने प्रदेश भर में 14 स्थानों पर परीक्षा केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए ये परीक्षा केंद्र शिमला, बिलासपुर, चम्बा, हमीरपुर, कांगड़ा, धर्मशाला, पालमपुर, कुल्लू, मंडी, नाहन, सोलन, ऊना, सुंदरनगर और रामपुर बुशहर में बनाए जाएंगे। परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए आयोग ने प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा का पाठ्यक्रम पहले ही जारी कर दिया है।

लोक सेवा आयोग ने स्पष्ट किया है कि 13 दिसम्बर की यह तिथि फिलहाल संभावित है। परीक्षा के संबंध में एडमिट कार्ड और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश आयोग की ओर से समय-समय पर जारी किए जाएंगे। उम्मीदवारों को नवीनतम जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वैबसाइट से जुड़े रहने की सलाह दी गई है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News