Mandi: युवक ने किया बीएसएल नहर में कूदने का प्रयास, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 04:31 PM (IST)

सुंदरनगर (सोढी): शहर के नरेश चौक क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक अज्ञात युवक के हंगामे से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बी.बीएमबी कालोनी की ओर से नरेश चौक पहुंचा और उसकी गतिविधियां काफी असामान्य दिखाई दे रही थीं। इसी दौरान उसने बी.एस.एल. नहर में कूदने का प्रयास किया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसपास मौजूद कुछ जागरूक युवाओं और स्थानीय लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए युवक को नहर में कूदने से रोक लिया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि बचाव के दौरान युवक ने उसे बचाने वाले युवाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया तथा गाली-गलौच करने लगा।

उसके बाद उसने आसपास मौजूद अन्य लोगों से भी बहस और दुर्व्यवहार किया। जानकारी जुटाने के बाद युवक के परिजनों को मौके पर बुलाया गया। परिजन वहां पहुंचे और युवक को अपने साथ ले गए। पूरे घटनाक्रम का किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से शहर में नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी मजबूत करने तथा ऐसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा बनी रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News