Mandi: भाजपा के नकारात्मक रवैये के कारण बंद हुई प्रदेश की आरडीजी : धर्माणी

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 06:41 PM (IST)

सुंदरनगर (सोढी): तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने प्रदेश सरकार के बजट की सराहना करते हुए इसे 10 में 10 अंक दिए हैं। सुंदरनगर में रविवार को मीडिया के साथ बातचीत में राजेश धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट युवाओं, किसानों और महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखेगा।

उन्होंने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्हें राजनीतिक अपराधी तक करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नकारात्मक रवैये के चलते हिमाचल प्रदेश को मिलने वाली आरडीजी बंद हो गई, जिससे प्रदेश के विकास को नुक्सान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के समय मिले लगभग 70,000 करोड़ रुपए के अनटाइड फंड का यदि सही उपयोग किया जाता तो आज प्रदेश पर कर्ज का बोझ इतना अधिक नहीं होता।

धर्माणी ने बीबीएमबी के एरियर और शानन पावर प्रोजैक्ट जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार के रुख को भी प्रदेश विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान भी भाजपा ने हिमाचल को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया, जो प्रदेश की जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्रत्येक संसाधन का सही उपयोग कर आत्मनिर्भर और समृद्ध हिमाचल के निर्माण के लिए कार्य कर रही है तथा विपक्ष को भी प्रदेश हित में सहयोग करना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News