Himachal: ब्रिटिश पार्लियामैंट में इंटरनैशनल एक्सीलैंस अवार्ड-2024 से नवाजे सुमित सिंगला

punjabkesari.in Wednesday, Jul 24, 2024 - 06:00 PM (IST)

शिमला/बीबीएन: हिमाचल प्रदेश के बीबीएन क्षेत्र में स्थित क्योरटैक ग्रुप के मैनेजिंग डायरैक्टर सुमित सिंगला को विश्व स्तरीय दवा निर्माण और समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्यों के लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स यूके द्वारा इंटरनैशनल एक्सीलैंस अवार्ड-2024 से सम्मानित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार ब्रिटेन की संसद में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान प्रदान किया गया। समारोह का आयोजन ब्रिटिश पार्लियामैंट के पैलेस ऑफ वेस्टमिंस्टर, लंदन में चर्चिल रूम (हाउस ऑफ कॉमन्स) में हुआ, जिसमें ब्रिटिश सांसदों और विश्वभर से आए गण्यमान्य व्यक्तियों और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया। इस भव्य समारोह में यूनाइटेड किंगडम की मैंबर पार्लियामैंट जॉय मोर्रिसी, वीरेंदर शर्मा, यूके के धार्मिक गुरु राजराजेश्वर गुरुजी, महेंद्र सिंह सी जडेजा (ग्लोबल वाइस प्रैजीडैंट, ग्लोबल इंडियन ऑर्गेनाइजेशन), सुनील चोपड़ा (कौंसलर व मेयर, लंदन ब्रिज एंड वेस्ट बेरमोंडसे) और संतोष शुक्ल (चेयरमैन व एडिटर इन चीफ, लंदन प्रैस) उपस्थित थे। इन्हीं गणमान्य व्यक्तियों ने सुमित सिंगला को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया।
PunjabKesari

इस अवसर पर बीबीएन क्षेत्र की एकमात्र महिला उद्यमी रेशु सिंगला जोकि सुमित सिंगला की धर्मपत्नी हैं और ऑयबीएन हर्बल्स की चेयरपर्सन व मैनेजिंग डायरैक्टर हैं, उनको भी उनके शानदार कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारतीय फार्मा उद्योग के लिए गर्व का विषय है, खासकर जब यह दंपति अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हुआ है। समारोह में विश्वभर के 42 देशों से 60 अन्य व्यक्तियों को भी उनके क्षेत्रों में शानदार उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। उत्तर भारत से सम्मान प्राप्त करने वाले अन्य प्रमुख व्यक्ति हिमाचल प्रदेश के नाटी किंग कुलदीप शर्मा भी इस समारोह में सम्मानित हुए।

इस अवसर पर लंदन प्रैस मैगजीन का विशेष विमोचन भी किया गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू द्वारा भेजा गया संदेश प्रकाशित किया गया। उन्होंने इस समारोह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के पुरस्कार देश और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार और समाज सेवा के प्रति कार्यरत लोगों को प्रेरित करेंगे और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगे।

सुमित सिंगला ने वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स यूके का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फल उनके बड़े भाई स्व. अमित सिंगला द्वारा लगाए गए क्योरटैक ग्रुप के वृक्ष का है। उन्होंने बताया कि ग्रुप पिछले 2 दशकों से गुणवत्ता दवाओं के निर्माण में अग्रसर है और 1000 से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान कर रहा है। सुमित सिंगला ने भविष्य में भी वैश्विक फार्मा मानकों के अनुरूप दवाओं के निर्माण की प्रतिबद्धता जताई ताकि क्योरटेक ग्रुप और देश का नाम दवा निर्माण में विश्वस्तरीय अग्रिम पंक्तियों में आ सके। उल्लेखनीय है कि सुमित सिंगला को पहले भी कई संस्थाओं द्वारा मानद डॉक्टरेट की डिग्री से सम्मानित किया जा चुका है और हाल ही में उन्हें तुर्की के इस्तांबुल स्थित अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय द्वारा डॉक्टरेट की डिग्री प्रदान की गई है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News