HPU में फिर गरमाया माहौल: मुख्य गेट के समक्ष भिड़े छात्र संगठन, ABVP ने SFI पर लगाया हमले का आरोप

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 10:26 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) परिसर एक बार फिर छात्र राजनीति और हिंसक झड़प का गवाह बना है। विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के पास दो छात्र संगठनों के बीच हुई मारपीट से माहौल तनावपूर्ण हो गया है। इस घटना में कई छात्रों के घायल होने की सूचना है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना उस वक्त घटी जब कैमिस्ट्री (रसायन विज्ञान) विभाग के कुछ छात्र छुट्टी के बाद अपने घर जा रहे थे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का आरोप है कि उसी दौरान एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यकर्ताओं पर हमला बोल दिया। इस घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से आई शिकायतों के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। मारपीट में घायल हुए छात्रों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में छात्र संगठनों के बीच वर्चस्व की लड़ाई कोई नई बात नहीं है। इससे पूर्व भी परिसर में मारपीट की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे छात्रों की सुरक्षा पर सवाल उठते रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News