दिल्ली में CWC की बैठक में शामिल हुए CM सुक्खू, सत्ता और संगठन से जुड़े मसलों पर आलाकमान से की चर्चा

punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 09:54 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में भाग लिया। इस बैठक में कांग्रेस के शीर्ष नेता शामिल रहे। सूचना के अनुसार करीब 3 घंटे तक चली सीडब्ल्यूसी की बैठक में मुख्य रूप से 2 मुद्दों पर चर्चा हुई। ये मुद्दे संसद के विशेष सत्र और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े थे। बैठक का मुख्य विषय संसद का विशेष सत्र था, साथ ही बैठक में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर एक प्रस्ताव भी पारित किया गया है। वहीं दिल्ली जाने से पहले मुख्यमंत्री ने सुबह अपने सरकारी आवास ओकओवर में अधिकारियों के साथ बैठक की व आवश्यक फाइलों को निपटाया। सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री ने दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल सहित अन्य नेताओं से भी मुलाकात की। इस दौरान सत्ता और संगठन से जुड़े मसलों पर भी चर्चा हुई।

सोशल मीडिया पर शेयर कीं 2 अलग-अलग पोस्ट 
वहीं मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग पोस्ट भी शेयर कीं। पहली पोस्ट में मुख्यमंत्री ने लिखा है कि हिमाचल प्रदेश के 151 विद्यालयों में सीबीएसई पैटर्न लागू होने के बाद विद्यार्थियों के नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की जा रही है। सरकारी विद्यालयों के प्रति अभिभावकों और आम जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो रहा है। इसी बढ़ते विश्वास और शिक्षा के प्रति जागरूकता को देखते हुए प्रदेश सरकार सभी विद्यालयों में मेडिकल, नॉन-मेडिकल और कॉमर्स की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध करवाने जा रही है। इससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार विषय चुनने का अवसर मिलेगा। साथ ही यह उनके शैक्षणिक विकास को मजबूत करेगा और करियर के नए रास्ते खोलेगा।अपनी दूसरी पोस्ट में मुख्यमंत्री ने लिखा है कि हिमाचल प्रदेश में सड़कों और पुलों जैसे बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। इनसे प्रदेश की भौतिक संरचना को मजबूती मिलेगी और लोगों के जीवन में नए आयाम स्थापित होंगे, साथ ही विकास की अनगिनत संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। प्रदेश में सड़कों, पुलों और अन्य आधारभूत संरचनाओं की मुरम्मत एवं पुनर्स्थापना के लिए लगभग 1 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया जा रहा है।

शनिवार को दिल्ली से ऊना आएंगे सीएम
मुख्यमंत्री सुक्खू शनिवार को दिल्ली से ऊना आएंगे। सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री ऊना जिला के हरोली के पोलियां स्थित बल्क ड्रग पार्क (साइट डिवैल्पमैंट व आधारभूत ढांचा) की आधारशिला रखेंगे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News