Hamirpur News: पहले 2 मासूम बच्चों को बनाया शिकार, फिर हमले के कुछ देर बाद हो गई कुतिया की मौत; इलाके में दहशत
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 07:34 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव/अजय): हमीरपुर शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार दोपहर शहर के दो अलग-अलग इलाकों में एक ही आवारा कुतिया ने दो मासूम बच्चों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। मासूम बच्चों को घायल करने के महज कुछ मिनटों बाद ही कुतिया की अचानक मौत हो गई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
कमरे में घुसकर मासूम को बनाया शिकार
जानकारी के अनुसार, पहली घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे गोपालनगर में हुई। यहां किराए के मकान में रहने वाले प्रवासी मजदूर मेवा राम की 6 वर्षीय बेटी शारदा पर एक कुतिया ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उसी कुतिया ने कृष्णानगर वार्ड नंबर-1 में स्थित इंदिरा कालोनी में एक अन्य प्रवासी मजदूर वीर पाल के 2 वर्षीय बेटे शिवम को अपना शिकार बनाया। कुतिया ने कमरे के अंदर घुसकर मासूम शिवम को कूल्हे पर बुरी तरह काट लिया। हैरानी की बात यह रही कि शिवम पर हमला करने के मात्र 5 मिनट बाद ही उस कुतिया की अचानक मौत हो गई।
बच्चों को लगाई एंटी-रैबीज वैक्सीन
घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासी रमन कुमार ने मानवता दिखाते हुए अपनी गाड़ी से घायल बच्चे शिवम और उसके माता-पिता को डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज के एमरजैंसी वार्ड पहुंचाया। वहां बच्चे को एंटी-रैबीज का टीका लगवाया गया। वहीं, पहले हमले में घायल हुई 6 वर्षीय बच्ची शारदा के माता-पिता भी उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका भी इलाज किया और एंटी-रैबीज वैक्सीन लगाई।
नगर निगम और पशुपालन विभाग को दी सूचना
प्रभात सुधार सभा के प्रधान प्रकाश चंद सेन ने इस गंभीर मामले की जानकारी तुरंत नगर निगम के कमिश्नर को दी। कमिश्नर ने इस पर संज्ञान लेते हुए कृष्णानगर पशु औषधालय के पशु चिकित्सक को सूचित किया। प्रकाश चंद सेन ने बताया कि डॉक्टर ने नगर निगम के कुत्ता पकड़ने वाले कर्मचारियों की मदद से आसपास के सभी आवारा कुत्तों के टीकाकरण की बात कही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सभी आवारा कुत्तों को ढूंढकर उनका जल्द से जल्द टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम को इस तरह के भयानक खतरे का सामना न करना पड़े।
पशुपालन विभाग के सहयोग से चल रहा वैक्सीनेशन अभियान : कमिश्नर
इस घटना को लेकर नगर निगम हमीरपुर के कमिश्नर राकेश शर्मा ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा पशुपालन विभाग के सहयोग से शहर में आवारा कुत्तों की वैक्सीनेशन का कार्य निरंतर किया जा रहा है और इस दिशा में उचित कदम उठाए जा रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

