चंडीगढ़-मनाली NH पर 6 मील के पास चलती बाइक पर गिरे पत्थर, दंपति घायल

punjabkesari.in Thursday, Sep 21, 2023 - 09:55 PM (IST)

पंडोह (विशाल): चंडीगढ़-मनाली नैशनल हाईवे पर मंडी जिला के 6 मील के पास एक बार फिर पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण 2 लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा वीरवार शाम करीब सवा 6 बजे के करीब हुआ। घायलों का जोनल अस्पताल मंडी में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार बल्ह घाटी के भ्यारटा गांव निवासी चिंत राम और उनकी पत्नी माया देवी बाइक पर नगवाईं में अपने रिश्तेदारों के घर से लौट रहे थे। जैसे ही वे 6 मील के पास पहुंचे तो पहाड़ी से कुछ पत्थर उनके ऊपर आ गिरे, जिससे दोनों घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे में माया देवी को टांगों, बाजू और मुंह पर जबकि चिंत राम को टांग पर चोट लगी है। हादसे के तुरंत बाद घायल दंपति को जोनल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 

वहीं हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर ट्रैफिक को रोक दिया गया था लेकिन बाद में इसे बहाल कर दिया गया। घायल चिंत राम ने जिला प्रशासन और सरकार से मांग उठाई है कि सड़क को पूरी तरह से दुरुस्त किया जाए ताकि किसी के साथ ऐसा हादसा न हो क्योंकि यहां बार-बार ऐसे हादसे हो रहे हैं। बता दें कि बीते महीने यहां चलती कार पर पत्थर गिरने से एक मासूम और उसकी मां की मौत हो गई थी। यहां पर हाईवे को दुरुस्त करने का कार्य तो चला हुआ है लेकिन खतरा बरकरार है और सफर करना जोखिम भरा है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News