वीरभद्र सिंह की डिनर डिप्लोमेसी से सियासी गलियारों में हलचल

punjabkesari.in Sunday, Aug 05, 2018 - 06:09 PM (IST)

शिमला (राक्टा): पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की डिनर डिप्लोमेसी से सियासी गलियारों में चर्चाओं का माहौल गर्म है। मंडी के राजमहल होटल में वीरभद्र सिंह की शनिवार को रात्रि भोज पर पार्टी के विभिन्न नेताओं से हुई मुलाकात के अंदरखाते कई मायने निकाले जा रहे हैं। सूचना के अनुसार इस बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही कुछ नेताओं ने सीधे तौर पर संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और जल्द ही प्रदेश कांग्रेस में व्यापक फेरबदल किए जाने की मामला उठाया। बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में ये नेता रहे शामिल
बैठक में कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्रिहोत्री, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, विधायक आशा कुमारी व पवन काजल, पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, पूर्व सी.पी.एस. सोहन लाल ठाकुर के साथ-साथ जगजीवन पाल, केवल सिंह पठानिया, सोहन लाल व यादविंद्र गोमा सहित अन्य नेता मौजूद रहे, ऐसे में वीरभद्र विरोधी गुट भी उक्त  बैठक के बाद हरकत में आ गया है। सूत्रों के अनुसार बैठक में प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल के आगामी दिनों में होने वाले प्रदेश के दौरे पर भी चर्चा हुई, ऐसे में माना जा रहा है कि रजनी पाटिल के समक्ष एक बार फिर संगठन में फेरबदल का मामला उठाया जा सकता है।

संगठन की तैयारियों से खुश नहीं वीरभद्र
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के तेवरों से स्पष्ट है कि वह प्रदेश कांग्रेस द्वारा लोकसभा चुनाव को लेकर की जा रहीं तैयारियों से खुश नहीं है, ऐसे में वीरभद्र सिंह अब स्वयं लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं और नेताओं से चर्चा कर आगामी रूपरेखा तैयार कर रहे हैं।

निष्कासित नेताओं की वापसी पर भी चर्चा
सूत्रों की मानें तो बैठक में कुछ नेताओं ने संगठन से बाहर चल रहे नेताओं की वापसी का मामला भी उठाया। इस संबंध में प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल के समक्ष भी कुछ नेता अपना पक्ष रख चुके हैं। लगभग 120 के करीब नेता व पदाधिकारी वर्तमान में संगठन से बाहर चल रहे हैं। इनमें वीरभद्र सिंह समर्थकों की संख्या अधिक है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News