प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला व सीएम सुखविंदर सिंह के बीच सत्ता-संगठन से जुड़े मसलों पर मंथन
punjabkesari.in Wednesday, Sep 13, 2023 - 11:00 PM (IST)

मंत्रिमंंडल विस्तार के साथ ही निगमों-बोर्डों में नियुक्तियों पर हुई चर्चा
शिमला (राक्टा): कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह के बीच बुधवार को शिमला में एक लंबी बैठक हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने सत्ता-संगठन से जुड़े मसलों पर चर्चा की। सूचना के अनुसार बैठक में 3 मंत्री पदों को भरने के साथ ही बोर्डों-निगमों में की जाने वाली नियुक्तियों पर भी विचार विमर्श किया गया। इसके साथ ही सीएम ने प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला को सरकार के कामकाज और लिए गए निर्णयों से भी अवगत करवाया। सूत्रों की मानें तो मंत्रिमंडल विस्तार में अभी समय लग सकता है जबकि विधानसभा उपाध्यक्ष के पद पर मानसून सत्र तक नियुक्ति की जा सकती है। इसके साथ ही कुछ निगमों व बोर्डों में पार्टी के कर्मठ पदाधिकारियों व कर्मचारियों की भी जल्द ताजपोशी हो सकती है।
हाईकमान के समक्ष नाराजगी जाहिर कर चुकी हैं प्रतिभा सिंह
गौर हो कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह पहले ही अपनी नाराजगी हाईकमान के समक्ष जाहिर कर चुकी हैं। बीते दिन भी उन्होंने अपना पक्ष प्रियंका वाड्रा के समक्ष रखा था। प्रतिभा सिंह संगठन के कर्मठ कार्यकर्ताओं को सरकार में अहम जिम्मेदारियां देने की वकालत करती आ रही हैं। उनका कहना है कि ये जल्द मिलनी चाहिएं, जिससे आगामी लोकसभा चुनावों में संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनावों में उतर सके। उनका मानना है कि कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने के लिए सरकार में उन्हें समय पर पूरा मान-सम्मान दिया जाना चाहिए। ऐसे में सभी पहलुओं को देख हाईकमान सत्ता-संगठन में तालमेल बनाए रखने की दिशा में आगे बढ़ रहा है ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी को प्रदेश में नुक्सान न उठाना पड़े।
मंत्री पद के लिए कई दौड़ में शामिल
सरकार में 3 मंत्री पद भरे जाने हैं। ऐसे में कई कांग्रेस विधायक मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं। माना जा रहा है कि जिला कांगड़ा को मंत्रिमंडल में तवज्जो दी जाएगी। इसके साथ ही निगम व बोर्ड में नियुक्तियों को लेकर सत्ता-संगठन से जुड़े सभी नेताओं को विश्वास में लिए जाने का निर्णय हुआ है ताकि किसी तरह का विवाद न हो।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here