Himachal Weather: लाहौल में बर्फबारी, शिकुंला दर्रा वाहनों के लिए बंद; 12 मार्च को गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 09:29 PM (IST)
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से लाहौल में जहां ताजा हिमपात हुआ है, वहीं केलांग में बारिश रिकॉर्ड की गई है। लाहौल में बर्फबारी के चलते शिंकुला दर्रे को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद करना पड़ा है। वहीं रोहतांग दर्रा, बारालाचा, कुंजम दर्रा में भी बर्फबारी हुई है। उधर, केलांग में 1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 12 मार्च को प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके बाद 14 और 15 मार्च को एक बार फिर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ मौसम बिगड़ सकता है।
प्रदेश में पिछले लंबे समय से बादल नहीं बरसे हैं और कई इलाकों में लंबे समय से बारिश न होने के कारण सूखे जैसी स्थिति महसूस की जा रही है। मार्च माह के 11 दिनों में 99 फीसदी कम वर्षा हुई है। इस बार सर्दियों के मौसम में भी प्रदेश में सामान्य से कम बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे तापमान में लगातार बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री, राजधानी शिमला में 23.5 डिग्री रहा, जोकि मंगलवार की अपेक्षाकृत कम रहा।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो कई पहाड़ी इलाकों में पारा अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया। केलांग में करीब 4.2 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि कुकुमसेरी में 4.6 और कल्पा में करीब 5.8 डिग्री सैल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजधानी शिमला में तापमान करीब 13.6, धर्मशाला में 12.8, मनाली में 11.2, सोलन में 10.2, सराहन में 9.3, कुफरी में 9, ऊना में 14, मंडी में 15.9, बिलासपुर में 16, पालमपुर में 16, कांगड़ा में 17.5, पांवटा साहिब और देहरा गोपीपुर में 18-18, नेरी में करीब 19.5 डिग्री सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

