Kangra: नाकामियों से घिरी पंजाब सरकार बना रही मीडिया को निशाना, सड़क से सदन तक होगा विरोध : संजय शर्मा

punjabkesari.in Saturday, Jan 17, 2026 - 06:08 PM (IST)

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश भाजपा ने पंजाब सरकार द्वारा पंजाब केसरी मीडिया ग्रुप के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर कड़ा रुख अपनाया है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा ने इसे लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला करार देते हुए पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को तानाशाही मानसिकता त्यागने की चेतावनी दी है।

संजय शर्मा ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह कार्रवाई महज किसी एक अखबार या मीडिया समूह तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की निष्पक्ष पत्रकारिता को डराने की एक सोची-समझी साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी आम आदमी पार्टी की सरकार अपनी नाकामियों और भ्रष्टाचार के सवालों से घिरती है, वह बौखलाकर पत्रकारों और मीडिया संस्थानों का दमन करना शुरू कर देती है।

भाजपा प्रवक्ता ने दो टूक कहा कि जब सत्ता सच से डरने लगती है, तब वह आईना दिखाने वाले मीडिया पर प्रहार करती है। मीडिया को दबाने का सीधा अर्थ है जनता की आवाज को कुचलना। भारत का संविधान सत्ता से सवाल पूछने का अधिकार देता है, जिसे कोई सरकार छीन नहीं सकती।

संजय शर्मा ने पंजाब सरकार को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि इतिहास गवाह है कि कलम पर पहरा बिठाने वाली सत्ताएं कभी टिक नहीं पाईं। उन्होंने कहा कि यदि आज मीडिया को चुप कराया गया तो कल आम नागरिक की आवाज भी दबा दी जाएगी। यह लड़ाई अब केवल पत्रकारों की नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने की निर्णायक लड़ाई है।

उन्हाेंने चेताया कि यदि पंजाब सरकार ने अपना दमनकारी रवैया तुरंत नहीं बदला तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी। संजय शर्मा ने कहा कि भाजपा प्रैस की आजादी और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए इस मुद्दे पर सड़कों से लेकर सदन तक पूरी ताकत से लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News