किराए के कमरे में अवैध धंधा कर रहा था युवक, कॉलेज के विद्यार्थियों को बनाता था निशाना; अब चढ़ा पुलिस के हत्थे
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 12:24 PM (IST)
Kangra News: पालमपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए निहंग टीका क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने किराये के कमरे से कॉलेज के विद्यार्थियों को चरस की सप्लाई करता था। पुलिस ने दबिश के दौरान नशीले पदार्थ के साथ डिजिटल तौल मशीन और नकदी भी बरामद की है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक
पुलिस को गुप्त सूचना मिल रही थी कि निहंग टीका इलाके में एक युवक कॉलेज के छात्रों को निशाना बनाकर नशे का अवैध कारोबार कर रहा है। कार्रवाई करते हुए पालमपुर थाना की टीम ने युवक के किराये के कमरे पर औचक छापा मारा। आरोपी की पहचान अनुज शर्मा (21), निवासी कोसरी (जयसिंहपुर) के रूप में हुई है। पुलिस की गहन तलाशी के दौरान आरोपी के कमरे से चरस की खेप, एक डिजिटल तौल मशीन, 8,000 रुपये की नकदी और नौ भूरे रंग की टेप से लिपटे खाली लिफाफे (आशंका है कि इनका उपयोग नशा पैक करने के लिए किया जाता था) बरामद हुए।
SP अशोक रत्न ने की पुष्टि
कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक (SP) अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक यह नशा कहां से लाता था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।

