Kangra: देहरा के SSB जवान चमन लाल का बंगाल में निधन, छुट्टी से लौटते ही ड्यूटी पर थमीं सांसें
punjabkesari.in Friday, Nov 07, 2025 - 11:32 AM (IST)
बनखंडी/देहरा (राजीव): देहरा उपमंडल की बलसूं दरकाटा पंचायत के रहने वाले सशस्त्र सुरक्षा बल (SSB) के जवान चमन लाल (55) का पश्चिम बंगाल में ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वह पश्चिम बंगाल के सिमलाबाड़ी में 53वीं बटालियन में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। दुखद बात यह है कि वह छुट्टी काटकर उसी दिन ड्यूटी पर लौटे थे।
जानकारी के अनुसार कांस्टेबल चमन लाल 4 नवम्बर की शाम लगभग 4 बजे अपनी ड्यूटी पर पहुंचे। इसके करीब एक घंटे बाद ही उन्होंने सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत की, जिसके तुरंत बाद हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। दिवंगत जवान के भतीजे सतीश कुमार ने बताया कि उनके चाचा अपनी छुट्टी समाप्त कर उसी दिन ड्यूटी पर लौटे थे। उनके निधन की खबर जैसे ही परिवार को मिली और गांव पहुंची तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। चमन लाल एक मिलनसार व्यक्ति थे और गांव के हर कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे।
दिवंगत चमन लाल अपने पीछे अपनी पत्नी लता देवी, एक बेटा दीपक और दो विवाहित बेटियां प्रिया व ज्योति छोड़ गए हैं। उनकी पार्थिव देह आज उनके पैतृक गांव पहुंचाई जाएगी, जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सशस्त्र सुरक्षा बल के सपड़ी स्थित प्रशिक्षण केंद्र की टुकड़ी द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।

