अंब में काल बनी रफ्तार: व्यक्ति को टक्कर मार हवा में उछाला, फरार हुआ टेम्पो चालक

punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 02:05 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। सड़क पर बेखौफ दौड़ते वाहनों की रफ्तार ने एक बार फिर एक परिवार का चिराग बुझा दिया। जिला ऊना के उपमंडल अंब के तहत हीरा नगर में एक दर्दनाक 'हिट एंड रन' मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात टेम्पो ट्रैवलर ने एक राहगीर बुजुर्ग को मौत की नींद सुला दिया। यह हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही बुजुर्ग हवा में उछलकर दूर जा गिरे, जबकि आरोपी चालक अपनी इंसानियत भूल मौके से वाहन सहित रफूचक्कर हो गया।

कैसे हुआ हादसा?

कांगड़ा जिला की तहसील प्रागपुर के गांव सूंही के रहने वाले 77 वर्षीय हुक्म चंद (पुत्र स्वर्गीय दसौंधी राम) हीरा नगर के पास विश्वकर्मा ऑटोमोबाइल के समीप पैदल चल रहे थे। इसी दौरान मुबारिकपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार टेम्पो ट्रैवलर ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद चालक ने कुछ पल के लिए गाड़ी रोकी, लेकिन जैसे ही उसे खतरे का एहसास हुआ, वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को सूचित किया, जिसके जरिए उन्हें नागरिक अस्पताल अंब ले जाया गया, परंतु घाव इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना की सूचना मिलते ही अंब पुलिस की टीम हरकत में आई। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे व्यापारिक प्रतिष्ठानों और चौराहों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि गाड़ी के नंबर और चालक की पहचान हो सके। अज्ञात चालक के विरुद्ध लापरवाही से गाड़ी चलाने और हादसे को अंजाम देने की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने जनता से सहयोग मांगते हुए कहा है कि यदि किसी ने उस समय वहां से गुजरते हुए उस संदिग्ध वाहन को देखा हो या किसी के पास कोई सुराग हो, तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News