Kangra : पिस्तौल की नोक पर 19 वर्षीय युवक का अपहरण, बेरहमी से पीटा...फिर काटे सिर और भौंहों के बाल
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 01:47 PM (IST)
Kangra News : सब्जी मंडी जसूर में सोमवार को 19 वर्षीय युवक के अपहरण और उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने पिस्तौल की नोक पर युवक का अपहरण कर लिया और बाद में उसे बुरी तरह पीटा।
जानकारी के मुताबिक, समीपवर्ती गांव ततवाली, पंचायत थोड़ा निवासी लतीफ खान सब्जी बेचने के लिए जसूर मंडी गया था। उसके पिता कालू दीन चौहान के अनुसार मंडी से ही कुछ लोगों ने हथियार के बल पर उसके बेटे को अगवा कर लिया। आरोप है कि युवक के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे एक आवास पर ले जाया गया, जहां उसकी जमकर पिटाई की गई। परिजनों के मुताबिक, मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने उसके सिर के बाल बीच से काट दिए तथा भौंहों के बाल भी साफ कर दिए।
परिवार को धमकियां देने का आरोप
पिता ने आरोप लगाया कि घटना में शामिल कुछ लोग इसी क्षेत्र के रहने वाले हैं और इनमें एक होमगार्ड कर्मचारी भी शामिल है। उन्होंने आरोपियों पर परिवार को धमकियां देने का भी आरोप लगाया। वहीं, सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को आरोपियों के कब्जे से मुक्त करवाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं और लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है। अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संघ के निर्देशक राजेश सिंह पठानिया ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

