Kangra: खनन से लोगों की जमीन और पुलों को खतरा, रोकने पर धमका रहा है माफिया
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 04:33 PM (IST)
धीरा (ब्यूरो): पुलिस चौकी धीरा के अंतर्गत आने वाले तमलोह और डगेरा के वाशिंदे अवैध खनन के विरोध में लामबंद हो गए हैं तथा ग्रामीणों ने खनन के विरोध में खड़े लोगों को खनन माफिया द्वारा धमकाए जाने के विरोध में पुलिस चौकी प्रभारी धीरा अतिरिक्त उप निरीक्षक देशराज को एक शिकायत पत्र सौंपकर न्याय दिलवाने की गुहार लगाई है। पुलिस को सौंपे गए शिकायत पत्र में लोगों ने बताया कि तमलोह और डगेरा गांव के मध्य एक नाला है जो आगे चलकर न्यूगल नदी में मिलता है तथा इस नाले के साथ आसपास के ग्रामीणों की निजी भूमि भी लगती है। लोगों ने बताया कि पिछले 1 महीने पहले इस नाले में जे.सी.बी. मशीन के माध्यम से अवैध खनन किया गया था। इस अवैध खनन का विरोध पहले भी ग्रामीणों द्वारा किया गया था तथा पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कुछ समय के लिए यह कार्य बंद कर दिया गया था, लेकिन अब दोबारा अवैध खनन शुरू कर दिया गया है।
18 मार्च को प्रदर्शन भी किया था
लोगों ने पुलिस को सौंपे शिकायत पत्र में बताया है कि 18 मार्च को तमलोह न्यूगल नदी पर ग्रामीणों ने अवैध खनन माफिया के विरोध में प्रदर्शन किया और उसके तुरंत बाद ही भवारना थाना प्रभारी द्वारा खनन के उक्त सारे रास्तों को जेसीबी के माध्यम से बंद करवा दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अवैध खनन के कारण आसपास के ग्रामीणों की निजी भूमि के बह जाने का खतरा उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में बताया कि इस स्थान पर अवैध खनन के कारण न्यूगल नदी पर करोड़ों रुपए की लागत से निर्मित पुल को भी खतरा पैदा होने की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता है। साथ ही तमलोह से डगेरा को जोड़ने वाला पुल भी खतरे की जद में है।

