26 जनवरी को दिल्ली में गूंजेगी हिमाचल के शेर की दहाड़, ''कर्तव्य पथ'' पर हैरतअंगेज स्टंट दिखाएगा ऊना का ये जांबाज
punjabkesari.in Thursday, Jan 22, 2026 - 12:32 PM (IST)
ऊना (सुरेन्द्र): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के लिए आगामी 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) का मौका बेहद खास और गौरवपूर्ण होने वाला है। दिल्ली के ऐतिहासिक कर्तव्य पथ पर होने वाली भव्य परेड में इस बार ऊना के उपमंडल अम्ब स्थित अप्पर अंदौरा के लाल, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान सदीक मोहम्मद अपने अदम्य साहस का परिचय देंगे।
राष्ट्रपति और पीएम के सामने दिखाएंगे जौहर
एसएसबी के जांबाज जवान सदीक मोहम्मद उन चुनिंदा जवानों में शामिल हैं, जो गणतंत्र दिवस की परेड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश-विदेश के अति विशिष्ट अतिथियों के समक्ष मोटरसाइकिल पर हैरतअंगेज स्टंट दिखाएंगे। सबसे गर्व की बात यह है कि सदीक अभिनंदन भारत इवैंट को लीड करेंगे। इस प्रतिष्ठित इवैंट का नेतृत्व करने वाले वह ऊना जिले के पहले जवान बन गए हैं।
कड़ी मेहनत और जोखिम ने बनाया लीडर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अम्ब के छात्र रहे सदीक मोहम्मद वर्ष 2012 में एसएसबी में भर्ती हुए थे। देश सेवा का जज्बा लेकर सेना में आए सदीक ने हमेशा कुछ अलग करने का सपना देखा था। उनके चयन का सफर आसान नहीं था। जब स्टंटमैन बनने के लिए डैमोस्ट्रेशन हुआ तो सदीक ने शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद चली कठिन ट्रेनिंग और जोखिम भरे कार्यों में उन्होंने सभी जवानों को पछाड़ते हुए अव्वल स्थान प्राप्त किया। इसी काबिलियत के दम पर उन्हें स्टंटबाजी में लीड रोल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
युवाओं को दिया नशा छोड़ने का संदेश
अपनी इस उपलब्धि पर बात करते हुए सदीक मोहम्मद ने कहा कि कर्तव्य पथ पर लीड रोल निभाना उनके लिए परम सौभाग्य का विषय है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को एक प्रेरणादायक संदेश भी दिया। सदीक ने कहा कि युवा नशे के दलदल से दूर रहें और अपना ध्यान बेहतर शिक्षा व खेलों पर केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा और सामाजिक कार्यों के साथ-साथ देश सेवा करना हर युवा का मुख्य ध्येय होना चाहिए।
क्षेत्र में खुशी की लहर
सदीक मोहम्मद की इस उपलब्धि से न केवल उनके गांव अप्पर अंदौरा बल्कि पूरे ऊना जिले में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासी 26 जनवरी को अपने बेटे को टीवी स्क्रीन पर बुलेट से स्टंट करते हुए देखने के लिए उत्साहित हैं।

