रोहतांग सहित शिंकुला व बारालाचा दर्रे में हिमपात शुरू, अटल टनल सैलानियों के लिए बंद

punjabkesari.in Thursday, Feb 09, 2023 - 10:00 PM (IST)

शिमला/पतलीकूहल (ब्यूरो): मौसम विभाग के जारी यैलो अलर्ट के चलते अटल टनल के दोनों छोर सहित रोहतांग, कुंजम, शिंकुला व बारालाचा दर्रे में भारी हिमपात का क्रम शुरू हो गया है। हिमपात का क्रम शुरू होने से अटल टनल सहित मनाली के सभी ऊंचाई वाले पर्यटन स्थल सैलानियों के लिए बंद कर दिए गए हैं। बता दें कि वीरवार सुबह हल्की धूप खिलते ही पर्यटक टनल की ओर गए लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और हिमपात का क्रम शुरू हो गया। अटल टनल के दोनों छोर पर हिमपात होता देख पुलिस ने टनल सैलानियों के लिए बंद कर दी। 

मौसम साफ होने तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं सैलानी
वहीं धुंधी मैदान, अंजनी महादेव, सोलंगनाला व फातरु में पर्यटकों ने बर्फ की खेलों का आनंद उठाया। शाम 5 बजे सोलंग व कोठी पर्यटन स्थल में भी हिमपात शुरू हो गया। हिमपात होता देख पुलिस ने सभी पर्यटकों को मनाली वापस भेज दिया। डीएसपी मनाली हेम राज वर्मा ने बताया कि हिमपात के चलते अटल टनल रोहतांग सहित सभी ऊंचाई वाले पर्यटन स्थल सैलानियों के लिए बंद कर दिए हैं। उन्होंने सैलानियों से आग्रह किया कि मौसम साफ होने तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं। शुक्रवार को अटल टनल रोहतांग की ओर वाहनों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी। उधर, वीरवार को लाहौल घाटी में हल्की बर्फबारी हुई है। हालांकि दिन के समय लाहौल घाटी में फोर व्हील ड्राइव वाहनों की आवाजाही सुचारू रही लेकिन शाम के समय सभी वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर आम लोगों के साथ पर्यटकों को एहतियात बरतने की अपील की है। 

बारिश-बर्फबारी को लेकर यैलो अलर्ट जारी 
इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में दिनभर बादल छाए रहे लेकिन बारिश-बर्फबारी नहीं हुई। वहीं शुक्रवार को भी प्रदेश में मौसम विभाग ने बारिश-बर्फबारी को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सासे ने भी हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में आगामी 24 घंटों में हिमस्खलन की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 12 फरवरी तक मौसम खराब रहेगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News