लाहौल में भारी बर्फबारी से थमी जिंदगी की रफ्तार, रोहतांग दर्रे में 3 फुट हिमपात

punjabkesari.in Thursday, Feb 03, 2022 - 09:31 PM (IST)

अटल टनल के दोनों छोर पर 2 फुट से अधिक हिमपात
मनाली (ब्यूरो):
लाहौल में भारी बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लाहौल घाटी के दारचा, योचे, छीका रारिक, रंगयों, कोकसर, सिस्सू, प्यूकर, जिस्पा व मायड़ सहित समस्त लाहौल घाटी में भारी बर्फबारी हो रही है। सुबह से हो रही बर्फबारी से लाहौल की अधिकतर सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। जिला मुख्यालय केलांग में आधा फुट हिमपात हुआ है। रोहतांग दर्रे में 3 फुट ताजा बर्फबारी की सूचना है जबकि शिंकुला, कुंजम व बारालाचा दर्रे में भी 3 फुट से अधिक बर्फ की मोटी परत बिछ गई है। अटल टनल के दोनों छोर में 2 फुट से अधिक बर्फ पड़ चुकी है।
PunjabKesari, Snowfall Image

मनाली ने भी आधा फुट बर्फ की चादर

पर्यटन नगरी मनाली ने भी आधा फुट बर्फ की चादर ओढ़ी है। हालांकि मनाली में गाड़ियां चल रही हैं लेकिन ऊझी घाटी में गाड़ियों के पहिए थम गए हैं। सोलंग और कोठी गांव में डेढ़ फुट से अधिक ताजा हिमपात हुआ है। मनाली के पर्यटन स्थल नेहरू कुंड, पलचान, कोठी, सोलंगनाला, फातरु, गुलाबा, धुंधी, अंजनी महादेव, सेथन व हामटा में 2 से अढ़ाई फुट हिमपात हुआ है। उधर, एसपी लाहौल-स्पीति मानव वर्मा ने कहा कि घाटी में बर्फबारी का दौर जारी है। वाहनों की आवाजाही बंद है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि भारी बर्फबारी को देखते हुए घरों से बाहर न निकलें।
PunjabKesari, Snowfall Image

मालरोड पर झूमे सैलानी

पर्यटन नगरी मनाली में हिमपात शुरू होते ही पर्यटक मालरोड मनाली सहित होटलों में झूम उठे। पर्यटकों ने मालरोड में गाने की धुनों पर नृत्य कर माहौल को रंगीन बना दिया। पंजाब से आए पर्यटकों के दल ने मालरोड में एक घंटे से अधिक रौनक लगाए रखी। वीरवार सुबह जैसे ही पर्यटक उठे तो बाहर 2 इंच बर्फ की सफेदी ने उनका स्वागत किया। शहर सहित आसपास के क्षेत्र में रात से बर्फ  के फाहे गिरने का क्रम शुरू हुआ, जो दिनभर चलता रहा। बर्फ  के फाहे गिरते देख पर्यटक सुबह ही होटलों से बाहर निकल आए और बर्फ  का आनंद लिया। होटल के प्रांगण में बर्फ  की सफेदी बिछी देख पर्यटक खासे उत्साहित हुए। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News